भारतीय मूल के अमेरिकी उद्यमी और समाजसेवी कृष्णा बंसल अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
बंसल 11वें संसदीय क्षेत्र इलिनोइस से रिपब्लिकन पार्टी के दावेदार के तौर पर चुनावी दौड़ में शामिल होंगे। उन्होंने सप्ताहांत से अपना प्रचार अभियान शुरू किया जिसमें 20 से अधिक निर्वाचित अधिकारी, प्रमुख भारतीय-अमेरिकी नेता और उनके संसदीय क्षेत्र से समुदाय के सदस्य शामिल हुए।
बंसल ने अगले साल नवंबर में होने वाले चुनावों के लिए अपने प्रचार अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि मैं सांसद बनने की दावेदारी कर रहा हूं क्योंकि मैं अपने देश से प्यार करता हूं। मैं देश को बढ़ावा दूंगा और समाजवाद, करियर राजनीतिकों तथा अनियंत्रित करों एवं खर्च के खतरों से उसका बचाव करुंगा।
उन्होंने कहा कि मैं इस महान देश, इसके मूल्यों और इसके संविधान में पूर्ण विश्वास करता हूं। इस देश ने मुझे बहुत कुछ दिया है, मेरे सपनों को हकीकत में बदला है। अब मैं इस अमेरिकी सपने को हकीकत में बदलने के लिए काम करना चाहता हूं..हम सभी के लिए।
बंसल ने कहा कि उनके लिए अहम नीतिगत मुद्दों में मुक्त उद्यम, राजकोषीय संतुलन, पारिवारिक मूल्य और एक दृढ़ विदेश नीति शामिल है।