दुनियाभर में कोरोना वायरस महामारी अपना कहर बरपा रही है। ऐसे में ब्रिटेन में लॉकडाउन के सख्त नियम लागू हैं। इसके तहत शादी में केवल एक सीमित संख्या में मेहमानों बुलाया जा सकता है। वहीं भारतीय मूल का एक जोड़ा वायरस के कारण अपनी शादी में देरी नहीं करना चाहता था। इसके लिए उन्होंने लंदन के नजदीक अपनी तरह की पहली ड्राइव इन वेडिंग का आयोजन किया।
लंदन में रहने वाले रोमा पोपट और विनल पटेल को 20 अप्रैल को शादी करनी थी लेकिन लॉकडाउन की वजह से ऐसा नहीं हो पाया। उन्होंने अपने वेडिंग कॉरडिनेटर सहेली इवेंट्स से ड्राइव इन वेडिंग पर चर्चा की। हालांकि बीते शुक्रवार को इस जोड़े ने अपने परिवार के सामने शादी कर ली। शादी के जश्न में बड़ी स्क्रीन के जरिए दोस्त और परिवार के लोग अपनी गाड़ियों में बैठकर शामिल हु्ए।
सहेली मीरपुरी की संस्थापक और निदेशक सहेली मीरपुरी ने कहा, 'हम इस बात से हैरान हैं कि शादी समारोह और ड्राइव-इन दोनों कैसे हो गए। यह वर्ष विशेष रूप से लग्जरी एशियाई शादियों और समारोहों के लिए बहुत मुश्किल रहा है, लेकिन यह सुनिश्चित करने के लिए एक रचनात्मक तरीका था कि मेहमान महसूस करें कि वे इस दिन जोड़े के साथ थे।'
ब्रिटेन की सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार शादी समारोहों में केवल 15 लोगों को शामिल होने की अनुमति है। इसके परिणामस्वरूप कई शादियों को या तो स्थगित कर दिया गया है या जोड़े दोस्तों और परिवार को शामिल करने के लिए दूसरे विकल्प तलाशने की कोशिश कर रहे हैं।
दुल्हन रोमा ने कहा, 'जब हमें अपनी शादी अप्रैल में स्थगित करनी पड़ी, तो हमें इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि हम इस साल शादी कर पाएंगे या नहीं। यहां हमारे बहुत सारे दोस्त और परिवार हैं। हम चाहते थे कि वे हमारी खुशी का हिस्सा बनें। हमारे पास सब कुछ होने के बावजूद, हमने जैसी परिकल्पना की थी, यह उससे थोड़ा अलग तरीका था। यह एक ऐसा दिन है जिसे हम कभी नहीं भूलेंगे।'
ड्राइव-इन वेडिंग में पहुंचने पर, कारों में मेहमानों का स्वागत एंटी-बैक्टीरियल हैंड जेल वाले हैम्पर्स से किया गया और उनसे पूरे समय वाहन के अंदर ही बैठे रहने का अनुरोध किया गया। खाने का ऑर्डर करने का विकल्प उनकी कारों से सीधे कोविड सुरक्षित डिलीवरी सेवा के माध्यम से उनकी संबंधित सीटों पर उपलब्ध था। अगर उन्हें किसी मदद की जरूरत होती है, तो उन्हें सलाह दी गई थी कि वे अपनी कार की रोशनी या फ्लैशर्स को फ्लैश करें।