अगले महीने लंदन में होने वाले किंग चार्ल्स तृतीय और क्वीन कैमिला के राज्याभिषेक समारोह के लिए शाही निमंत्रण सूची में भारतीय मूल की एक शेफ का नाम भी शामिल है। ब्रिटेन में एक वरिष्ठ नागरिक चैरिटी के साथ काम करने वाली भारतीय मूल की शेफ मंजू मल्ही ब्रिटिश एम्पायर मेडल (बीईएम) विजेताओं में शामिल हैं। बकिंघम पैलेस ने शनिवार को इसकी घोषणा की।
मंजू मल्ही को बीईएम से सम्मानित किया गया था
मंजू मल्ही को कोविड-19 महामारी के दौरान लंदन में कम्युनिटी सेवाओं के लिए बीईएम से सम्मानित किया गया था और वह छह मई को वेस्टमिंस्टर एब्बे में आयोजित होने वाले राज्याभिषेक समारोह में 850 बीईएम प्राप्तकर्ताओं के साथ-साथ अन्य कम्युनिटी चैंपियन और ब्रिटेन भर के चैरिटी प्रतिनिधियों में शामिल होंगी।
चैरिटी 'ओपन एज' के साथ 2016 से जुड़ी हैं
मल्ही एक पेशेवर शेफ हैं और वह 2016 से चैरिटी 'ओपन एज' के लिए रेजिडेंट शेफ के रूप में काम कर रही हैं। यह चैरिटी लंदन में बुजुर्ग लोगों के सक्रिय जीवन के देखरेख का काम करती है। यह 50 या उससे अधिक उम्र के लोगों को उनकी शारीरिक और मानसिक फिटनेस बनाए रखने में मदद करती है ताकी वे एक सक्रिय जीवन शैली बनाए रखें और नई रुचियों का विकास करें।
बकिंघम पैलेस के बयान में कहा गया है कि मंजू ने ओपन एज की रसोई को सदस्यों और कर्मचारियों के लिए कुकरी स्कूल और रेस्तरां में बदल दिया और कोविड-19 के दौरान ऑनलाइन कुकरी क्लासेज की पेशकश की। मंजू ओपन एज की कम्युनिटी 'बिग लोकल फैमिली कुकिंग क्लब' का भी नेतृत्व करती हैं। यह क्लब मनोरंजन, परस्पर संवाद और अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने वाले स्थानीय निवासियों को एक साथ आने और सामुदायिक परिवार के रूप में एक साथ भोजन बनाने और खाने का अवसर देता है। ब्रिटेन में जन्मी शेफ और फूड राइटर उत्तर-पश्चिम लंदन में पली-बढ़ी हैं और एंग्लो-इंडियन व्यंजनों को बनाने में माहिर हैं।
बचपन में कई साल भारत में बिताए
मंजू ने अपने बचपन के कई साल भारत में बिताए, जहां उन्होंने अपनी विरासत के देश के विशाल और विविध व्यंजनों का पता लगाया और अनुभव किया। मल्ही टेलीविजन के कुकरी शो में भी दिखाई देती हैं। वह भोजन की "ब्रिटिश-इंडी" शैली के रूप में वर्णन करती हैं, जो भारतीय और पश्चिमी प्रभावों को जोड़ती है। मल्ही को दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा बीईएम से सम्मानित किया गया था।
बीईएम विशेष रूप से स्थानीय क्षेत्र में कम्युनिटी के लिए सेवा की उपलब्धि या योगदान देने के लिए दिया जाता है। बकिंघम पैलेस का कहना है कि राज्याभिषेक समारोह में भाग लेने वाले सभी बीईएम प्राप्तकर्ताओं में से 450 ने कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान अपने स्थानीय समुदायों को सेवाएं और सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
भव्य पैमाने पर किया जा रहा राज्याभिषेक समारोह का आयोजन
किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक का आयोजन भव्य पैमाने पर किया जा रहा है और 6 से 8 मई के बीच ब्रिटेन में जश्न मनाने वाले लंबे सप्ताहांत में भव्य कार्यक्रमों की एक श्रृंखला का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें बहुत अधिक धूमधाम, तड़क-भड़क और स्ट्रीट पार्टियां शामिल हैं। बकिंघम पैलेस को उम्मीद है कि एक "अद्वितीय और ऐतिहासिक अवसर" का अनुभव करने के लिए लाखों लोग ब्रिटेन की राजधानी का दौरा करेंगे और लाखों लोग इसे घर बैठे ब्रिटेन और दुनिया भर में देखेंगे।