पाकिस्तान: सुरक्षा बलों पर आत्मघाती हमले में शामिल 9 आतंकवादी गिरफ्तार
12 दिसंबर को खैबर-पख्तूनख्वा (केपीके) प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान आदिवासी जिले में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर हमला करने के मामले में पाकिस्तान पुलिस ने गुरुवार को नौ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इसमें हमले का मास्टरमाइंड और सात अन्य साथी शामिल हैं। उस हमले में 23 सैनिकों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि आतंकी हमले का मास्टरमाइंड डेरा इस्माइल खान के दरबान इलाके का है। वहीं, हमले में शामिल अन्य आतंकवादी अफगानिस्तान के रहने वाले हैं।
बता दें कि नवगठित आतंकवादी समूह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से संबद्ध तहरीक-ए-जिहाद पाकिस्तान (टीजेपी) से जुड़े आतंकवादियों ने डेरा इस्माइल खान में सुरक्षा चौकी में विस्फोटक से भरे ट्रक को टक्कर मार दी थी। इसके कारण हुए विस्फोट से 23 सैनिकों की मौत हो गई थी।
लंदन हाउसिंग ब्लॉक का नाम ब्रिटिश भारतीय जासूस नूर इनायत खान के नाम पर
उत्तरी लंदन में एक काउंसिल हाउसिंग ब्लॉक का नाम ब्रिटिश भारतीय जासूस और टीपू सुल्तान की वंशज नूर इनायत खान के नाम पर रखा गया है। कैमडेन काउंसिल ने बुधवार को एक समारोह में 'नूर इनायत खान हाउस' का अनावरण किया। इस समारोह में स्थानीय लेबर पार्टी के सांसद और विपक्षी नेता कीर स्टार्मर, खान की जीवनी लेखक श्राबनी बसु और कैमडेन काउंसिल के नेता और निवासी शामिल हुए।
बता दें कि नूर रॉयल एयर फोर्स की शाखा महिला सहायक वायु सेना (डब्ल्यूएएएफ) की सदस्य थीं। उन्हें 1942 में एसओई में भर्ती किया गया था। इतना ही नहीं, विशिष्ट साहस के लिए उन्हें जॉर्ज क्रॉस (जीसी) से भी सम्मानित किया गया था।
ढाका में ट्रेन में आगजनी को अंजाम देने वाले चार संदिग्धों की पहचान हुई
इस सप्ताह की शुरुआत में ढाका में एक अंतर-जिला ट्रेन में आग लगाने के मामले में बांग्लादेश की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बांग्लादेश पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार संदिग्धों की पहचान की गई है, इन चारों ने बीते मंगलवार को तेजगांव इलाके के पास ढाका जाने वाली मोहनगंज एक्सप्रेस ट्रेन के तीन डिब्बों में आग लगा दी थी। आगजनी की इस घटना में एक बच्चे और तीन अन्य की मौत हो गई थी।
आरएबी के लेफ्टिनेंट कर्नल आरिफ मोहिउद्दीन अहमद ने कहा कि हमें तोड़फोड़ करने वाले चार संदिग्धों की तस्वीरें मिली हैं। अब हम उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इन चारों ने मुख्य विपक्षी बीएनपी द्वारा सात जनवरी के चुनावों का बहिष्कार किए जाने को लेकर फैली अशांति के बीच इस घटना को अंजाम दिया था।
लापता भारतीय छात्र का मिला शव
यूनाइटेड किंगडम में लगभग एक सप्ताह से लापता भारतीय छात्र गुरशमन सिंह भाटिया को लंदन में कैनरी घाट में एक झील के अंदर मृत पाया गय। यूके मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने एक बयान में जानकारी कर इसकी जानकारी दी।
लंदन में टावर हैमलेट्स पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने मृत 23 वर्षीय छात्र के बारे में अधिक जानकारी मांगी। पुलिस ने मृत छात्र की सीसीटीवी वाली फोटो शेयर की है और उसके बारे में कोई भी जानकारी देने के लिए पुलिस को रिपोर्ट करने के लिए कहा है।