कैलिफोर्निया में काम करने वाला एक भारतीय युवक अमेरिका के मोंटाना स्थित ग्लेशियर नेशनल पार्क की झील में डूब गया। 26 वर्षीय युवक अपने दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने पार्क में गया था। युवक का शव नहीं मिल सका है। पुलिस शव को तलाश रही है। पार्क के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय युवक की पहचान सिद्धांत विट्ठल पाटिल के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि पाटिल छह जून को पार्क की एवलांच झील की घाटी के ट्रैक पर घूम रहा था। जहां से वह एक बड़ी चट्टान से एवलांच क्रीक में गिर गया। युवक के गिरते ही दोस्तों ने शोर मचाया। दोस्तों ने बताया कि उन्होंने पाटिल के शव को पानी डूबते और पानी के बहाव के साथ ऊपर आते देखा। पार्क के अधिकारियों ने बताया कि यह साफ नहीं है कि पाटिल पैर फिसलने से नीचे गिरा या चट्टान पर उसका संतुलन बिगड़ गया।
अधिकारियों का कहना है कि शव नहीं मिल सका है। हेलीकॉप्टर से नेशनल पार्क क्षेत्र में शव की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। अधिकारियों का कहना है कि पाटिल की मौत हो चुकी है और शव कहीं दब गया है। क्षेत्रीय रेंजरों का मानना है कि युवक का शव चट्टानों और पेड़ों के नीचे दबा हो सकता है। रेंजर लगातार क्षेत्र में शव को तलाश रहे हैं। साथ ही निचले इलाके में निजी सामान को इकट्ठा करना शुरू कर दिया गया है।
घाटी में गहराई और पानी के तेज बहाव के चलते शव को तलाशना मुश्किल हो रहा है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रेंजर्स ने शव का स्थान तय करने के लिए ड्रोन भी उड़ाए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घाटी के निचले इलाके, ब्रिज के आसपास शव की तलाश जारी है। अफसरों का कहना है कि युवक के शव को जल्द ही तलाश कर लिया जाएगा।
दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने आया हूं, मां को किया था मेसेज
ग्लेशियर नेशनल पार्क की झील में डूबने से दो घंटे पहले भारतीय युवक सिद्धांत विट्ठल पाटिल ने अपनी मां को मेसेज किया था। युवक के मामा प्रीतेश चौधरी ने बताया कि बीते शुक्रवार को सिद्धांत ने अपनी मां प्रीति को पार्क से ही मेसेज किया था। उसने कहा था कि वह अपने छह दोस्तों के साथ तीन दिन के लिए पार्क घूमने आया है और यहां छुट्टियों का आनंद ले रहा है। मेसेज में सिद्धांत ने लिखा था कि वह तीन दिन बाद सैन जोस के लिए लौट जाएगा। सिद्धांत सैन जोस में कैडेंस डिजाइन सिस्टम में काम करता था। मूल रूप से पुणे निवासी युवक की मां प्रीति और पिता विट्ठल महाराष्ट्र सरकार के सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं और घटना के जानकारी मिलने के बाद से सदमे में हैं। दोनों ही कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। मामा ने बताया कि सिद्धांत 2020 में अमेरिका गया था। उसने कैलिफोर्निया विवि लॉस एंजिलिस से एमएस किया। इसके बाद 2023 में कैडेंस को जॉइन किया था।
भारतीय दूतावास ने दी जानकारी
युवक के मामा प्रीतेश चौधरी ने बताया कि अमेरिका में भारतीय दूतावास में कार्यरत सुरेश शर्मा ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी। वे दूतावास के लगातार संपर्क में हैं। वहीं महाराष्ट्र के नेता शरद पवार, देवेंद्र फड़नवीस ने सरकार को पत्र लिखकर मदद मांगी है। साथ ही पुणे निवासी केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल लगातार विदेश मंत्री एस जयशंकर से तलाशी अभियान की जानकारी ले रहे हैं।