भारत और अमेरिका में इन दिनों संबंध प्रगाढ़ हो रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण भारतीय अमेरिकी सांसद रो खन्ना के नेतृत्व में अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल की चल रही भारत यात्रा है। इस यात्रा के संदर्भ में भारतीय अमेरिकी नागरिकों का भी मामना है कि इस यात्रा का परिणाम है कि दोनों देश और नजदीक आए हैं। इन यात्रा ने एक ऐसा नजरिया पेश किया है जिसको देखते हुए कहा जा सकता है कि ये रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए ब्लूप्रिंट के रूप में काम कर सकती है।
इससे पहले, बुधवार को अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिनिधि सभा के सदस्य रो खन्ना ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की थी। उनके साथ इस प्रतिनिधिमंडल के सदस्य माइकल वाल्ट्ज, एस केस, कैट कैममैक, डेबोरा रॉस, जैस्मीन क्रॉकेट, रिच मैककॉर्मिक और थानेदार भी शामिल थे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल हुआ था प्रतिनिधिमंडल
भारत यात्रा पर आया अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल हुआ था। पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान भी इसका जिक्र किया था। उन्होंने कहा था, 'मुझे खुशी है कि अमेरिकी कांग्रेस के निर्वाचित सदस्य आज हमारे जश्न के मौके पर यहां मौजूद हैं।' रो खन्ना ने भी इस बाबत एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट किया था। उन्होंने कहा था, 'मुझे भारत के स्वतंत्रता दिवस पर राजघाट जाकर दुनिया के महानतम नेताओं में से एक महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देकर सम्मानित महसूस हुआ। मुझे लाल किले पर अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का भी मौका मिला।'
वहीं, नई दिल्ली और मुंबई की अपनी यात्राओं के दौरान अमेरिकी प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने नागरिक समाज के नेताओं, अमिताभ बच्चन सहित बॉलीवुड सुपरस्टार और विपक्षी नेताओं से मुलाकात की थी।
पीएम मोदी ने मुलाकात के बाद कही थी ये बात
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने कल यानी बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान पीएम ने उनका स्वागत करते हुए भारत-अमेरिका संबंधों के लिए अमेरिकी कांग्रेस के निरंतर और द्विदलीय समर्थन के प्रति सराहना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'प्रतिनिधि सभा में इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष, प्रतिनिधि रो खन्ना और प्रतिनिधि माइकल वाल्ट्ज सहित अमेरिका से कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए खुशी हुई।' उन्होंने कहा, 'अमेरिकी कांग्रेस का मजबूत द्विदलीय समर्थन भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।'
पीएम मोदी ने कहा कि अमेरिका के द्विदलीय सांसदों के समर्थन से भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
भारतीय अमेरिकी समुदाय ने कही यह बात
इस यात्रा के बारे में ग्लोबल लॉ फर्म पॉल हेस्टिंग्स एलएलपी में भारत के अग्रणी व्यवसायी रोनक डी.देसाई ने कहा कि रो की भारत यात्रा ऐतिहासिक है। एक भारतीय स्वतंत्रता सेनानी के पोते के लिए, जो गांधीजी के साथ लड़े और यहां तक कि उनके साथ जेल भी गए - अपने माता-पिता के जन्मस्थान पर लौटना और कांग्रेस के सदस्य के रूप में अपनी भूमिका में प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना सुंदर है।
वहीं, भारतीय अमेरिकी समुदाय के नेता योगी चुघ ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा ने गहरे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई, हैदराबाद और नई दिल्ली की यात्रा और अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, कॉर्पोरेट नेताओं से मुलाकात हो या अक्षरधाम की यात्रा, इससे गहरा रिश्ता और मजबूत हुआ।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा महत्वपूर्ण है क्योंकि आने वाले वर्षों में बढ़ती अमेरिका-भारत साझेदारी के लिए लोगों से लोगों और सांस्कृतिक संबंधों की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सफल राजकीय यात्रा और राष्ट्रपति जो बिडेन की आगामी भारत यात्रा के साथ, अमेरिकी कांग्रेस इंडिया कॉकस के अध्यक्ष रो खन्ना और माइकल वाल्ट्ज के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल इससे बेहतर समय पर नहीं आ सकता था।