अमेरिका में 230 भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने डेमोक्रेटिक सांसद रो खन्ना से अनुरोध किया है कि पाकिस्तान पर सांसदों के दल से वह खुद को अलग कर लें। संगठनों का कहना है कि यह अमेरिकी सिद्धांतों और भारत के भू-रणनीतिक हितों का विरोधाभासी है। खन्ना (42) सांसदों के पाकिस्तानी दल में शामिल होने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी हैं। वह पिछले महीने इससे जुड़े थे।
वह भारत और भारतीय अमेरिकियों के सांसदों के दल के भी सदस्य हैं। हिंदू, भारतीय-अमेरिकी संगठनों, पेशेवर संगठनों और सामुदायिक नेताओं ने सोमवार को भारतीय-अमेरिकी सांसद को सौंपे पत्र में उनसे अनुरोध किया है कि वह पाकिस्तान पर सांसदों के दल से खुद को अलग कर लें।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने उस पत्र की एक प्रति जारी की है। पत्र में कहा गया है कि पाकिस्तान आतंकियों की मदद से अफगानिस्तान में अमेरिकी हितों को लगातार नुकसान पहुंचा रहा है, उसने भारत के खिलाफ भी छद्म युद्ध छेड़ रखा है।