अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को प्रोस्टेट कैंसर हुआ है। यह उनकी हड्डियों तक फैल चुका है। इस बारे में बाइडन के कार्यालय ने जानकारी दी। बाइडन को कैंसर होने की खबर का पता चलने के बाद भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि वह बाइडन और उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को प्रोस्टेट कैंसर होने की खबर पर भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह बाइडन के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। भारतीय मूल के सांसदों का यह बयान बाइडन के कार्यालय द्वारा उनको प्रोस्टेट कैंसर होने का खुलासा करने के बाद आया है। कार्यालय के अनुसार, 82 वर्षीय बाइडन को प्रोस्टेट कैंसर के आक्रामक रूप का पता चला है, जो उनकी हड्डियों तक फैल चुका है। वह अपने परिवार के साथ इलाज के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
विज्ञापन
अमेरिकी कांग्रेसी रो खन्ना ने जो बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन को योद्धा कहा। उन्होंने विश्वास जताया है कि वे इस चुनौती का धैर्य और शालीनता के साथ सामना करेंगे। खन्ना ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'जो बाइडन और उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहा हूं कि वे कैंसर से लड़ें। वे और जिल हमेशा से ही संघर्षशील रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वे इस चुनौती का डटकर सामना करेंगे।
राजा कृष्णमूर्ति ने बाइडन को बताया अच्छा इंसान
अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने जो बाइडन को एक अच्छा इंसान बताया। उन्होंने कहा कि वे बाइडन और उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। राजा ने अमेरिका के लोगों से भी बाइडन के लिए प्रार्थना करने की अपील की। राजा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बाइडन ने अपना जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। वह एक अच्छे इंसान हैं। मैं उनके और उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।
बाइडन एक परिवर्तनकारी राष्ट्रपति और महान व्यक्ति: श्री थानेदार
अमेरिकी कांग्रेस सदस्य श्री थानेदार ने भी बाइडन को कैंसर होने की खबर सुनकर दुख जताया। उन्होंने बाइडन के नेतृत्व की प्रशंसा की। साथ ही उन्हें एक परिवर्तनकारी राष्ट्रपति और एक महान व्यक्ति बताया। श्री थानेदार ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'हमारे देश के लिए बाइडन की दशकों की सेवा एक ऐसा मॉडल है, जिसे हम सभी को देखना चाहिए। मैं उन्हें और उनके परिवार को अपने विचारों में रखता हूं और उन्हें शक्ति की कामना करता हूं।'
हमेशा देश और समुदाय के मुद्दों के लिए लड़े बाइडन: अजय भूटिया
पूर्व राष्ट्रपति बाइडन के एशियन-अमेरिकन मामलों के सलाहकार आयोग के सदस्य अजय भूटिया ने भी कैंसर के बारे में सुनकर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में उनकी प्रार्थनाएं जो बाइडन और उनके परिवार के साथ हैं। भूटिया ने एक बयान में कहा कि बाइडन को प्रोस्टेट कैंसर के आक्रामक रूप का पता चला है। पूर्व राष्ट्रपति हमेशा से ही हमारे देश, हमारे समुदायों और अपने दिल के करीब के मुद्दों के लिए लड़ने वाले रहे हैं। 2015 में अपने बेटे ब्यू की ब्रेन कैंसर से मृत्यु सहित कई गंभीर नुकसानों से प्रभावित उनकी व्यक्तिगत दृढ़ता ने कैंसर को खत्म करने के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता को प्रेरित किया है।