PM Brazil Visit: ब्राजील में भारत के राजदूत दिनेश भाटिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्राजील यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आतंकवाद रोधी समझौते पर हस्ताक्षर की उम्मीद है। यह उनकी ब्राजील की पहली राजकीय यात्रा। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 57 वर्षों में यह पहली राजकीय यात्रा है। पीएम मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे, जहां वैश्विक शासन सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्राजील यात्रा को लेकर भारत के राजदूत दिनेश भाटिया ने शनिवार को कहा कि इस दौरे के दौरान भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय आतंकवाद रोधी समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। भाटिया ने कहा कि दोनों देश एक दूसरे के बेहद करीबी हैं। भारत ने 1948 में लैटिन अमेरिका में अपना पहला दूतावास ब्राजील में ही खोला था। तबसे हमारे संबंध काफी मजबूत हुए हैं।
पीएम मोदी की चौथी ब्राजील यात्रा
उन्होंने बताया कि 2006 में हमने इन संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया और तबसे यह लगातार मजबूत होते गए हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी की चौथी ब्राजील यात्रा है। इससे पहले वह तीन बार आ चुके हैं। लेकिन यह पहली बार है, जब वह एक राजकीय यात्रा पर आ रहे हैं।
विज्ञापन
दो दिन रियो डी जेनेरियो में रहेंगे पीएम मोदी
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच जुलाई को ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंचेंगे और वहां दो दिन रहेंगे। इसके बाद वह राजकीय यात्रा के लिए ब्रासीलिया जाएंगे। यह राजकीय यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह 57 वर्षों बाद पहली राजकीय यात्रा है।
ब्राजील कर रहा ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर उन्होंने कहा, इस वर्ष ब्राजील ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। यह पहली बार है, जब नए साझेदार देश इसमें भाग ले रहे हैं। ब्रिक्स के मुख्य एजेंडे में वैश्विक शासन और वित्तीय संस्थाओं में सुधार की बात हमेशा रही है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इसके अलावा ब्राजील ने कई अन्य मुद्दों को भी चर्चा में शामिल किया है, जिन्हें संयुक्त घोषणा पत्र में जगह मिलेगी।