दुबई एक्सपो 2020 में इंडिया पवेलियन में नौ दिवसीय नवरात्रि समारोह शुरू हुआ और इस मौके पर रंगारंग संगीत संध्या का आयोजन किया गया। 192 देशों की मौजूदगी वाले इस मेगा इवेंट में पहले दस दिनों में 4,10,000 से अधिक लोग पहुंच चुके हैं।
विज्ञापन
शास्त्रीय रूप से प्रशिक्षित गायक और लोकप्रिय भारतीय संगीत रियलिटी शो 'सा रे गा मा' के विजेता सुधांशु राज ने रविवार को इंडिया पवेलियन में अपनी मधुर आवाज के साथ नवरात्रि समारोह की शुरुआत की।
इंडिया पवेलियन की डायरेक्टर गुनवीना चड्ढा ने कहा कि वे त्योहार की भावना को व्यापक दर्शकों के साथ साझा करना चाहते हैं। दुबई एक्सपो 2020 के अधिकारियों द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में चड्ढा के हवाले से कहा गया है कि यह भारत का एक प्रमुख त्योहार है और हम इसे यहां दुनिया को अपनी संस्कृति दिखाने के लिए मना रहे हैं।
विज्ञापन
भारत के विशाल चार मंजिला पवेलियन में आयुर्वेद, योग, अंतरिक्ष कार्यक्रम, और इसकी तेजी से बढ़ती 2.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की झलक है जिसने लोगों को खूब आकर्षित किया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दुबई एक्सपो 2020 छह महीने तक चलने वाला एक असाधारण कार्यक्रम है जो एक अक्टूबर से शुरू हुआ था। पहले 10 दिन में ही यहां 411,768 लोग आ चुके हैं।
इस आंकड़े में केवल टिकटधारक शामिल हैं, न कि प्रतिनिधि, प्रतिनिधिमंडल, अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभागियों के मेहमान, भागीदार और अन्य हितधारक और एक्सपो का स्टाफ।