संयुक्त राष्ट्र ने शुक्रवार को उम्मीद जताई है कि भारत और पाकिस्तान आपसी मुद्दों को सुलझाने के लिए सार्थक बातचीत करेंगे। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में कहा कि कि वह, ‘दोनों देशों के बीच संवाद के लिए भरपूर मदद की पेशकश कर रहे हैं।’
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इसमें सफलता के अब तक कोई संकेत नहीं मिले हैं। भारत ने पाकिस्तान को साफ कर दिया है कि सीमा पार से हो रही आतंकवादी गतिविधियां और बातचीत दोनों साथ-साथ नहीं चल सकतीं। दोनों देशों के बीच बातचीत पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय मामलों के लिहाज से भारत एवं पाकिस्तान दोनों महत्व रखते हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि दोनों देश सार्थक बातचीत करेंगे।
कश्मीर की स्थिति पर पूछे गए पाकिस्तानी पत्रकार के सवाल पर गुटेरेस ने कहा, ‘मानवाधिकारों की स्थिति के संबंध में, मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय ने हाल ही में बहुत विस्तृत रिपोर्ट पेश की है। इसलिए, संयुक्त राष्ट्र ने साफ तौर पर उस संबंध में अपना काम किया है।'