फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

G20: भारत-कनाडा का रिश्तों को और गहरा करने का वादा, 2030 तक कारोबार हर साल ₹6.25 लाख करोड़ पहुंचाने का लक्ष्य

Mon, 24 Nov 2025 08:36 AM IST
पवन पांडेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, जोहानिसबर्ग

सार

भारत और कनाडा ने अपने रिश्ते को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता दोहराई है। इसके साथ ही दोनों देशों ने अपने कारोबार को 2030 तक हर साल ₹6.25 लाख करोड़ पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। भारत ने जी20 की बैठक में अपने पुराने साझेदारों से रिश्तों को नई मजबूती दी है। इसके साथ ही आने वाले समय के लिए विकास, सुरक्षा और नवाचार की एक राह भी तय की है।
विज्ञापन
पीएम मोदी और कनाडाई पीएम मार्क कार्नी की मुलाकात - फोटो : X @NarendraModi
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और कनाडा ने आपसी रिश्तों को और गहरा करने का फैसला किया। जोहनिसबर्ग में जी20 सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की मुलाकात में व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी और रक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 70 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है। अभी यह आंकड़ा करीब 30 अरब डॉलर है।
विज्ञापन

 

'भारत में निवेश को लेकर रुचि दिखा रहे कनाडाई पेंशन फंड'
पीएम मोदी ने बताया कि कनाडाई पेंशन फंड भारत में निवेश को लेकर मजबूत रुचि दिखा रहे हैं। दोनों देशों ने रक्षा और अंतरिक्ष सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी कदम आगे बढ़ाने पर सहमति दी। इसके साथ ही भारत-ऑस्ट्रेलिया-कनाडा के बीच नई त्रिपक्षीय टेक्नोलॉजी और इनोवेशन साझेदारी (एसीआईटीआई) की घोषणा को नेताओं ने नए दौर की शुरुआत बताया। जल्द ही उच्च महत्वाकांक्षी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) पर बातचीत शुरू होगी।
 

इटली के साथ आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त पहल
प्रधानमंत्री मोदी ने इतालवी पीएम जॉर्जिया मेलोनी से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, नवाचार, एआई और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। सबसे अहम बात यह रही कि दोनों देशों ने आतंकवाद के वित्तपोषण पर लगाम लगाने के लिए संयुक्त पहल की घोषणा की। यह पहल दुनिया भर में आतंकवाद की जड़ों को कमजोर करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
 

जापान के साथ नवाचार, रक्षा और व्यापार पर नई रफ्तार
पीएम मोदी की जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची से बातचीत भी सकारात्मक रही। दोनों देशों ने एआई, सेमीकंडक्टर्स, महत्वपूर्ण खनिजों, टेक्नोलॉजी और रक्षा क्षेत्रों में सहयोग को और आगे ले जाने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा, 'भारत–जापान की मजबूत साझेदारी दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।'
 

दक्षिण अफ्रीका के साथ ग्लोबल साउथ की आवाज
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ मुलाकात में भारत और दक्षिण अफ्रीका ने ग्लोबल साउथ की आवाज को दुनिया में और बुलंद करने पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, खनन, कौशल विकास के आदान-प्रदान और तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
 

जी20 में भारत की प्राथमिकताओं को मिली गूंज
जोहनिसबर्ग में अपनाए गए जी20 घोषणा- पत्र में भारत की प्राथमिकताओं, जैसे आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक अभियान, जलवायु संकट से निपटने के लिए वित्त जुटाने और ग्लोबल साउथ की चिंताओं, को मजबूत समर्थन मिला। पीएम मोदी ने आईएमएफ प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा और डब्ल्यूटीओ प्रमुख न्गोजी ओकोंजो-इवेला से भी मुलाकात कर वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार सुधारों पर चर्चा की।
विज्ञापन

मार्क कार्नी ने पीएम मोदी का न्योता स्वीकारा, अगले आएंगे भारत
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत आने का न्योता स्वीकार कर लिया है। वे शुरुआत 2026 में भारत आएंगे। दोनों नेताओं की मुलाकात जी20 सम्मेलन के दौरान दक्षिण अफ्रीका में हुई। बातचीत में तय हुआ कि भारत और कनाडा रक्षा, अंतरिक्ष, व्यापार, निवेश, टेक्नॉलजी और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे। दोनों देश एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर औपचारिक बातचीत शुरू करेंगे, जिसमें सामान, सेवाएं, निवेश, कृषि, डिजिटल व्यापार, मोबिलिटी और सतत विकास जैसे मुद्दे शामिल होंगे। दोनों नेताओं ने कहा कि दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय दौरे नियमित रूप से होने चाहिए। कार्नी ने कानून-प्रवर्तन संवाद में हो रही प्रगति का भी स्वागत किया। 2023 में जस्टिन ट्रूडो के आरोपों के बाद संबंध काफी खराब हो गए थे, लेकिन अब दोनों देश रिश्ते सामान्य करने के लिए कई कदम उठा रहे हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें