विश्व में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2.02 करोड़ से ज्यादा दर्ज की गई जबकि मृतकों की संख्या 7.39 लाख पार हो गई है। इस बीच, न्यूजीलैंड में 102 दिन बाद पहली बार कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है जहां एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित पाए गए। इसके अलावा हिमालयीन देश भूटान में अब तक संक्रमण के 113 केस सामने आने के बाद पहली बार लॉकडाउन लगाया है।
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिका अर्डर्न ने कहा कि ऑकलैंड में एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित पाए गए हैं और करीब साढ़े तीन माह बाद देश में सामने आए इन मामलों के साथ ही हमने हालातों से निपटने के लिए आपात योजना तैयार कर ली है। उन्होंने ऑकलैंड में तीन दिन तक लॉकडाउन का एलान भी किया।
ऑकलैंड के जिन चार लोगों को संक्रमण की पुष्टि हुई है उनमें से एक की उम्र 50 साल से कुछ अधिक है जबकि यहां के किसी भी शख्स का कोई यात्रा इतिहास भी नहीं है। इसी तरह, भूटान में 113 लोगों के अब तक संक्रमित होने पर इस हिमालयी देश में पहली बार राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन का आदेश दिया गया है। पर्यटन पर निर्भर इस देश में सरकार ने लोगों से प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा है साथ ही फंसे हुए नागरिकों को वापस लाने की अनुमति भी दी है।
विश्व में कोरोना संक्रमित दो करोड़ के पार
दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या सोमवार तक दो करोड़ पार हो गई। 31 दिसंबर को पहला मामला सामने आने के बाद एक करोड़ मामलों में जहां छह माह लगे वहीं सिर्फ पिछले 43 दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ को पार कर गया है। इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने विशेषाधिकारों का उपयोग करते हुए बेरोजगारों के लिए जिस राहत पैकेज के आदेश पर दस्तखत किए उसे लेकर भ्रम के हालात हैं।
अमेरिका में लॉकडाउन जैसे हालातों के चलते बेरोजगार हुए लोगों और कारोबारियों में अनिश्चतता और भ्रम की स्थिति है, क्योंकि यह धनराशि राज्यों के अधिकारियों के साथ होने वाले समझौते पर निर्भर करेगी। ये राज्य पहले ही आर्थिक संकट के कारण बजट की कमी से जूझ रहे हैं।
इनमें से कई राज्यों में तूफान पीड़ितों के लिए भी बजट की व्यवस्था करनी है। ट्रंप ने इस पैकेज पर संसद की मंजूरी न मिलने के बावजूद हस्ताक्षर किए हैं। ट्रंप ने जिन उपायों पर दस्तखत किए हैं उनका मकसद बेरोजगारी लाभ को पुनर्जीवित करना है।
लेकिन यदि राज्यों से समझौता करने में संघीय व्यवस्था नाकाम रही तो पैकेज का लाभ बेरोजगारों को मिलना मुश्किल हो जाएगा। इस बीच, अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 52 लाख के करीब पहुंच चुकी है। जबकि विश्व में मरने वालों की संख्या 7.34 लाख का आंकड़ा पार कर गई है।
...और ट्रंप ने बीच में ही छोड़ी प्रेस कांफ्रेंस
अमेरिकी राष्ट्रपति ने झूठ पकड़े जाने पर प्रेस कांफ्रेंस बीच में ही छोड़ दी। वह ओबामा प्रशासन में पास हुए एक हेल्थ केयर प्रोग्राम को अपनी उपलब्धि बता रहे थे। ट्रंप ने रिटायर्ड कर्मियों के लिए निजी अस्पतालों में इलाज के लिए वह सब किया जो दशकों से लोग पास कराना चाहते थे।
इस बीच सीबीएस न्यूज की रिपोर्टर पाउला रेड ने कहा कि इसे तो बराक ओबामा 2014 में ही पास करा चुके हैं। यह सुनकर ट्रंप रुके और कहा, ‘ओके, आप सभी का बहुत धन्यवाद।’ इसके बाद वे वहां से चले गए।
ब्राजील : अब तक 1.01 लाख से ज्यादा मौतें
देश में 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से 572 मरीजों की मौत हुई हैं और इसके साथ ही इस वायरस से होने वाली मौतों की संख्या 1.01 लाख को पार कर गई है। वहीं, यहां पिछले 24 घंटों के दौरान इस संक्रमण के 23,010 नए मामले दर्ज किए गए हैं। अब इससे प्रभावित होने वाले लोगों का आंकड़ा यहां 30.35 लाख को पार कर गया है। अमेरिका के बाद ब्राजील विश्व में दूसरे नंबर पर है।
पाकिस्तान में कोरोना के मामले 2.84 लाख के पार
पाकिस्तान में कोरोना संक्रमितों की संख्या में जबरदस्त उछाल आया है। यहां कोरोना के मामले बढ़कर 2,84,660 हो गए हैं। पाकिस्तान सरकार के अनुसार, बीते 24 घंटे में 539 नए मामले सामने आए हैं। अब तक पाकिस्तान में कोरोना से 6,097 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 2,60,764 मरीज रिकवर हो चुके हैं। 776 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।