पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से बाहर होने वाले इमरान खान ने जल्द चुनाव की मांग करते हुए एक विशाल रैली का आह्वान किया था। लेकिन, पूर्व प्रधानमंत्री ने गुरुवार को इस रैली को खत्म करने का फैसला किया था। शुक्रवार को उन्होंने इस निर्णय के कारणों पर बात की।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शुक्रवार को उन रिपोर्ट्स को खारिज किया जिनमें दावा किया गया है कि उन्होंने अपनी विशाल आजादी मार्च को समाप्त करने के लिए देश की ताकतवर सेना से समझौता किया है। नए आम चुनाव कराने की मांग के साथ हो रहे इस मार्च को समाप्त करने की वजह को लेकर उन्होंने कहा कि यह कदम रक्तपात से बचने के लिए उठाया गया है।
विज्ञापन
इससे पहले गुरुवार को इमरान खान ने चेतावनी दी थी कि अगर 'इंपोर्टेड सरकार' छह दिन में ताजा आम चुनावों का एलान करने में असफल रहती है तो मैं पूरे देश को लेकर पाकिस्तान की राजधानी पहुंचूंगा। इमरान की इस चेतावनी पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी (इमरान खान) तानाशाही काम नहीं करेगी और चुनाव की तारीख का फैसला संसद करेगी।
जनता के बीच पुलिस को लेकर भारी आक्रोश है: इमरान खान
आजादी रैली को समाप्त करने का फैसला करने के एक दिन बाद शुक्रवार को इमरान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि देश के कई शहरों में मेरी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के सदस्यों के साथ पुलिस दुर्व्यवहार कर रही है। मैंने लोगों के बीच इसे लेकर भारी आक्रोश देखा है। पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए जो किया उसे लेकर लोगों के बीच मैंने गुस्सा देखा है।
विज्ञापन
देश की चिंता है इसलिए लिया मार्च को समाप्त करने का फैसला
इमरान खान ने आगे कहा कि इस बात का डर था कि अगर मार्च तय योजना के अनुसार चलता रहा तो देश अफरा-तफरी और अराजकता के जाल में फंस जाएगा। उन्होंने कहा, 'इसे हमारी कमजोरी मत समझिए और यह भी मत समझिए कि कोई समझौता हुआ है। मुझे अजीब बातें सुनने को मिल रही हैं कि सेना के साथ कोई डील की गई है। मैंने किसी के साथ कोई समझौता नहीं किया है।'
'जल्द चुनाव का एलान नहीं हुआ तो फिर निकालूंगा विशाल रैली'
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि रैली को खत्म करने के पीछे एकमात्र कारण यही है कि मैं देश के लिए चिंतित हूं। पिछले सप्ताह इमरान खान ने अपने समर्थकों से 25 मई को शांतिपूर्ण तरीके से इस्लामाबाद के लिए कूच करने का आह्वान किया था। हालांकि, 69 वर्षीय खान ने यह भी कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही चुनावों की घोषणा नहीं की तो मैं फिर से एक विशाल रैली का एलान करूंगा।