पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने बुधवार को कहा कि अगर सत्तारूढ़ पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार निष्पक्ष आम चुनाव साझा करने के लिए उनके साथ रोडमैप साझा करती है तो वह अक्तूबर तक चुनाव के लिए इंतजार करने को तैयार हैं।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख खान को पिछले साल अविश्वास मत के जरिए सत्ता से हटाया गया था। तबसे वह राष्ट्रीय चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। इस बीच, चुनाव आयोग (ईसीपी) अक्तूबर तक आम चुनाव करान की तैयारी कर रहा है।
देश के एक प्रमुख अखबार की खबर के मुताबिक, पूर्व क्रिकेटर से नेता बने खान ने कहा कि वह चुनाव के लिए अक्तूबर तक इंतजार करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका फैसला पीडीएम के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की इच्छा पर निर्भर करता है। पीडीएम में ज्यादातर सत्तारूढ़ गठबंधन के राजनीतिक दल शामिल हैं। इनमें नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) भी शामिल है।
अपदस्थ प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर गठबंधन सरकार उनके साथ एक रोडमैप साझा करती है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सब कुछ ठीक हो जाएगा तो वह चुनाव के लिए अक्तूबर तक इंतजार कर सकते हैं।
अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को वीडियो लिंक के जरिए संबोधित करते हुए पीटीआई प्रमुख ने ईसीपी के फैसले को रद्द करने और 14 मई को पंजाब विधानसभा चुनाव कराने का आदेश देने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना की। तीन सदस्यीय पीठ ने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पंजाब प्रांत में चुनाव के लिए 14 मई की तारीख तय की है, जिससे खान के नेतृत्व वाली पीटीआई पार्टी को मजबूती मिली है।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान- बुलेटप्रूफ हेलमेट पहनकर कोर्ट पहुंचे इमरान खान! भाजपा नेता ने कसा तंज, शेयर किया मजेदार Video
खान ने पूर्व प्रधानमंत्री और पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ की ओर इशारा करते हुए कहा, मौजूदा सरकार चुनावों से बचने के लिए उन सभी हथकंडों को अपना रही है, जो 'लंदन प्लान' का हिस्सा हैं। पिछले साल नवंबर में खान की हत्या की कोशिश की गई थी। खान इसे 'लंदन प्लान' का हिस्सा बताते हैं। पिछला आम चुनाव जुलाई 2018 में हुआ था और पाकिस्तान की मौजूदा नेशनल असेंबली (संसद) का कार्यकाल अक्तूबर 2023 तक है।