पाकिस्तान में विपक्ष का गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) अपनी दूसरी सरकार विरोधी रैली में इमरान सरकार पर रविवार रात हमलावर रहा। हाल ही में इमरान खान द्वारा नवाज शरीफ को भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी की पसंद बताया तो शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने पाक पीएम पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, मोदी और कश्मीर पर इमरान सरकार फ्लॉप हुई है।
इमरान ने नवाज शरीफ को मोदी का दोस्त उस वक्त बताया जब शरीफ ने लंदन से वीडियो लिंक के जरिए पाक पीएम और सेना पर आरोप लगाए थे। इमरान ने कहा था कि शरीफ वही भाषा बोल रहे हैं जो नरेंद्र मोदी बोलते हैं। लेकिन कराची की रैली में शरीफ के बेटी मरियम नवाज ने कहा, मोदी की कामयाबी दुआएं मांगों तुम, मोदी से बात करने के लिए मरे जाओ तुम, कुलभूषण जाधव के लिए रातों-रात अध्यादेश पारित करो तुम, उसके लिए सरकारी खर्चे से वकील ढूंढो तुम, कश्मीर को तश्तरी में रखकर पेश करो तुम, कश्मीर का मुकदमा हार जाओ तुम, भारत को यूएन में वोट दो तुम और हमें बोलो कि हम मोदी की जुबान में बोल रहे हैं। यह गलत है। मरियम नवाज ने कराची के जलसे में कहा, हम जब इमरान से जवाब मांगते हैं तो वो कहते हैं कि नवाज शरीफ मोदी की जुबान बोलता है।
आप (इमरान) सेना के पीछे छुपते हो, आप कायर हो : मरियम
इससे पहले कराची जलसे में मरियम ने इमरान खान पर जमकर निशाना साधा और कहा कि इमरान खान अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए पाकिस्तानी सेना के पीछे छिप रहे हैं। इससे सेना की छवि पर बट्टा लग रहा है। उन्होंने कहा, जब आपसे जवाब मांगा जाता है तो आप सेना के पीछे छिप जाते हो। आप कायर हो। आपने सेना का नाम बदनाम कर दिया। अपनी गलतियों को छिपाने के लिए सेना का इस्तेमाल किया।
इमरान ने यह बोला था
पाकिस्तानी पीएम ने नवाज शरीफ पर हमलावर होते हुए कहा था कि उन्होंने पाक सेना की छवि खराब की है। शरीफ ने जनरल बाजवा पर नहीं, पाक सेना पर हमला किया है। नरेंद्र मोदी ने कई बार कहा कि हमें नवाज शरीफ पसंद हैं। मैंने मोदी का कट्टरवादी चेहरा दुनिया को दिखाया है। भारतीय अखबारों में भी नवाज की तारीफ हो रही है कि वह बहुत लोकतांत्रिक हैं।
मरियम के उग्र भाषण पर उनके पति गिरफ्तार, जमानत
पाक के पूर्व पीएम नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने इमरान सरकार के खिलाफ जहां कराची रैली में जोरदार भाषण दिया वहीं कुछ घंटों बाद उनके पति कैप्टन (रि.) सफदर अवान को कराची के ही एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने होटल के दरवाजे को तोड़कर मरियम के पति को गिरफ्तार किया। हालांकि कुछ ही घंटे में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
बता दें कि मरियम नवाज ने कराची में 11 पार्टियों के गठबंधन में बनी पीडीएम की रैली के दौरान इमरान सरकार की तीखी आलोचना की थी। एक दिन पूर्व ही मरियम, उनके पति और उनकी पार्टी के करीब 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ कराची के ब्रिगेड पुलिस स्टेशन में जिन्ना की मजार की पवित्रता भंग करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सफदर को किन आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले सरकार के खिलाफ हुई रैली में मरियम के पति ने जिन्ना की मजार से लौटने के बाद ‘वोट को इज्जत दो’ के नारे लगाए थे। इस पर कुछ लोगों ने नाराजगी जाहिर की थी।
हिंदू पत्रकार के साथ मारपीट
पीडीएम के सरकार-विरोधी जलसे के दौरान एक हिंदू पत्रकार के साथ मारपीट की खबर सामने आई है। समा टीवी के मुताबिक, बाग-ए-जिन्ना में लोगों को कार्यक्रम स्थल छोड़ने से रोका जा रहा था, तभी रिपोर्टिंग कर रहे हिंदू पत्रकार संजय साधवानी के साथ वीडियो बनाते वक्त मारपीट की गई। प्रेस कार्ड दिखाने के बावजूद खुद को वॉलंटियर बता रहे एक शख्स ने साधवानी को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की।
विपक्षी नेताओं ने कहा, अयोग्य-अज्ञानी हैं इमरान
पीडीएम के नेताओं ने कराची रैली में पाक प्रधानमंत्री इमरान खान को अयोग्य और अज्ञानी बताया है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी ने बाग-ए-जिन्ना में कहा कि अयोग्य और अज्ञानी प्रधानमंत्री को अब घर जाना होगा। जरदारी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि बड़े से बड़े तानाशाह नहीं टिक पाए तो यह कठपुतली कैसे टिक पाएगी।