'हाउडी मोदी' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में सबसे पहले ह्यूस्टन, टेक्सास और अमेरिका को धन्यवाद दिया। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति हैं जिनका नाम पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति बनने से पहले भी सब ट्रंप का नाम लेते थे। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगले साल एनबीए बास्केट बॉल खेल देखने के लिए हजारों लोगों मुंबई में जुटेंगे, क्या पीएम साहब मैं आमंत्रित हूं? अगर आप बुलाएंगे तो मैं आ सकता हूं।
पीएम मोदी के भाषण के बाद डोनाल्ड ट्रंप मंच पर आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारतीयों के लिए बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हम हमेशा भारत के साथ खड़े हैं। ट्रंप ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि भारत की जनता ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में शानदार जीत दिलाई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जब अपने नागरिकों को कट्टर इस्लामी आतंकवाद से बचाने और उससे लड़ने की बात कही तो पूरे स्टेडियम ने उन्हें सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत की सेना का हम सम्मान करते हैं जो हमारी स्वतंत्रता की रक्षा करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और विदेशमंत्री एस जयशंकर ने भी खड़े होकर अभिवादन किया।
ह्यूस्टन में आई बाढ़ को लेकर उन्होंने कहा कि ह्यूस्टन इस आपदा से बहुत जल्द उबरेगा। हम आपको धन्यवाद देते हैं, आपसे प्यार करते हैं, हमारा प्रशासन आपके लिए रोज लड़ रहा है, आपके लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का सबसे अच्छा मित्र व्हाइट हाउस में है।
उन्होंने कहा कि मैं और मोदी भविष्य का जश्न मनाने पहुंचे हैं। भारत और अमेरिका के बीच साझा सपने हैं, हम लोकतंत्र के लिए समर्पित हैं। हम आजादी को महत्व देते हैं।
ट्रंप ने कहा कि हम नौकरियां बढ़ाने और लालफीताशाही खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत में तीन करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे। मोदी के सुधार कार्यक्रमों से भारत आगे बढ़ा है। मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत हो रहा है।
ट्रंप ने कहा कि हम कट्टरपंथी इस्लाम से लड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए हम एकजुट हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा संबंध और मजबूत होंगे। ट्रंप ने कहा मोदी बुलाएंगे तो मैं भारत आऊंगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका भारत के साथ अंतरिक्ष सहयोग बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि भारत ने पहले कभी अमेरिका में उस तरह से निवेश नहीं किया, जैसा अब कर रहा है। मैं कहना चाहता हूं कि हम भी वैसा ही भारत में कर रहे हैं।