पाकिस्तानी सेना के विशेष बलों ने अशांत खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में एक काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) केंद्र में लोगों को बंधक बनाए सभी आतंकवादियों को मार गिराया है। इससे पहले तालिबान आतंकवादियों ने बंधक बनाए लोगों को छोड़ने से इनकार कर दिया था। सरकार और आतंकियों के बीच वार्ता विफल होने के बाद विशेष बलों ने दो दिन से चल रहे गतिरोध को खत्म करने के लिए अभियान चलाया।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बताया कि प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सभी आतंकवादी सेना के ऑपरेशन में मारे गए, जिन्होंने बन्नू में एक आतंकवाद-रोधी केंद्र में कुछ लोगों को बंधक बना लिया था। पाक सरकार ने संकट को खत्म करने के लिए आतंकवादियों के साथ बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन सभी प्रयास विफल होने के बाद सेना के एसएसजी के कमांडो ने परिसर पर धावा बोल दिया।
सीटीडी में 33 आतंकवादियों को किया गया था बंद
आसिफ ने नेशनल असेंबली में बोलते हुए कहा कि एसएसजी कमांडो ने मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे ऑपरेशन शुरू किया और सभी आतंकवादी मारे गए। उन्होंने कहा कि सैन्य परिसर में 33 आतंकवादियों को बंद किया गया था। रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान दो कमांडो मारे गए जबकि एक दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। आसिफ ने यह भी कहा कि सभी बंधकों को रिहा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि दोपहर ढाई बजे तक पूरे सीटीडी परिसर को खाली करा लिया गया।
इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि 15 मिनट तक चले अभियान में सभी आतंकवादी मारे गए। मंगलवार को टीवी पर दिखाए गए फुटेज में आतंकवादी रोधी परिसर से हवा में उठते धुएं के गुबार को दिखाया गया।
टीटीपी आतंकवादियों ने रविवार को बन्नू छावनी के अंदर काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) केंद्र पर कब्जा कर लिया था। यहां टीटीपी के गिरफ्तार आतंकवादी से पूछताछ चल रही थी। इस दौरान एक आतंकी ने ने पुलिस से एके-47 छीन ली और गोलियां चला दीं। इसके बाद अन्य वांछित आतंकवादियों ने सैन्य परिसर पर नियंत्रण कर लिया। उन्होंने कई पुलिसकर्मियों को भी बंधक बना लिया था।
बन्नू में बंद रहे सभी स्कूल और कॉलेज
बन्नू क्षेत्र में मंगलवार को स्थिति तनावपूर्ण रही। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय लोगों को घर के अंदर रहने के लिए कहा था। सुरक्षा अलर्ट पहले ही जारी कर दिया गया था और मंगलवार को बन्नू जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहे। अधिकारियों ने कहा कि छावनी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल सेवाएं भी निलंबित कर दी गई थीं।
पाक संसद में रक्षा मंत्री ने कहा कि इस घटना से पता चलता है कि खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवाद फिर से पांव पसार रहा है। इमरान खान की पीटीआई पार्टी की खैबर पख्तूनख्वा की सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इन 33 आतंकवादियों को कई समूहों के साथ संबंध होने के शक में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में प्रांतीय सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से विफल रही है।