सोमवार को हजारों की संख्या में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारी हांगकांग एयरपोर्ट पर इकट्ठे हो गए जिसके चलते एयरपोर्ट प्रशासन ने वहां से जाने वाली सभी उड़ाने रद्द कर दी। एयरपोर्ट प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि यहां से जाने वाली सभी उड़ानों के लिए चेक-इन सुविधाएं बंद कर दी गई हैं। जिन उड़ानों के लिए चेक-इन प्रक्रिया पूरी हो गई है, उन्हें छोड़कर बाकी सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
प्रदर्शनकारी एयरपोर्ट में घुस आए और हांगकांग सुरक्षित नहीं है और शेम ऑन पुलिस के पोस्टरों के साथ विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन को उड़ाने रद्द करने का निर्णय लेना पड़ा। प्रदर्शन के चलते एयरपोर्ट तक जाने वाली सभी सड़कें जाम हो गईं और एयरपोर्ट पार्किंग सुविधा भी पूरी तरह ठप पड़ गई।
सामान्य नागरिकों को एयरपोर्ट नहीं आने की सलाह दी गई। सोमवार को हांगकांग के शेयरों में भी भारी गिरावट नजर आई। निवेशकों की नजरें यूएस-चीन व्यापार वार्ता पर बनी हुई थी, जबकि नौ सप्ताह से जारी प्रदर्शन के चलते सब ठप हो गया है।