पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक 11 वर्षीय हिंदू लड़के का यौन उत्पीड़न किया गया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिवार वालों के मुताबिक, लड़का शुक्रवार शाम को लापता हो गया था और उसका शव शनिवार को प्रांत के खैरपुर मीर इलाके के बबरलोई कस्बे में एक सुनसान घर में मिला।
सुनसान घर में मृत मिला बच्चा
द एक्सप्रेस ने बच्चे के एक रिश्तेदार राजकुमार के हवाले से कहा कि पूरा परिवार गुरु नानक के जन्मदिन के कार्यक्रमों में व्यस्त था। हमें नहीं पता कि बच्चा कैसे लापता हो गया। वह रात 11 बजे एक सुनसान घर में मृत पाया गया।
परिवार ने कहा कि वह पांचवीं कक्षा का छात्र था और उसका जन्म 2011 में हुआ था। इस भयावह घटना के बाद पूरा इलाका डर के साये में है। बबरलोई पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) ने कहा कि अपराधियों ने यौन उत्पीड़न करने से पहले लड़के की गला दबाकर हत्या कर दी थी। एसएचओ ने कहा कि हमने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
हिंदू नाबालिग लड़की अब तक लापता
बाल संरक्षण प्राधिकरण सुक्कुर के जुबैर महार ने कहा कि नाबालिग के शरीर पर प्रताड़ना के भी निशान हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में सूबे में इस तरह की यह दूसरी घटना है। महार ने कहा, कुछ समय पहले सुक्कुर जिले के सालेह पाट में हिंदू समुदाय की एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। पुलिस ने उसकी बरामदगी के लिए 25 लाख रुपये के इनाम की भी घोषणा की है, लेकिन सब बेकार गया।
पाकिस्तान में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों पर अत्याचार की ये नहीं बात नहीं है। वहां आए दिन अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होता है। 2017 की जनगणना के अनुसार, पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ी अल्पसंख्यक आबादी है, दूसरे नंबर पर इसाई हैं।