गाजा में शांति की स्थापना कैसे होगी? क्या हमास गाजा में अपने हथियार छोड़ देगा? क्या यह कदम ट्रंप की पुनर्निर्माण योजना को आगे बढ़ा सकता है? इन सभी चर्चाओं के बीच गाजा के 20 लाख लोग अनिश्चितता में हैं। वे सवाल ये पूछ रहे हैं कि क्या उनका जीवन संघर्षविराम के बावजूद सुरक्षित रह पाएगा?
अमेरिका और इस्राइल के ताबड़तोड़ हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई से एक तरफ पूरा पश्चिम एशिया बारूद की ढेर पर खड़ा है। वहीं दूसरी ओर खबर सामने आ रही है कि गाजा में हमास संगठन अपने सैनिकों को हथियार छोड़ने (डिसआर्म) पर विचार कर रहा है। ऐसे समय में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है, क्योंकि इससे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा के युद्ध से तबाह हुए इलाकों को पुनर्निर्माण करने की योजना को रास्ता मिल सकता है।
ट्रंप की 20-बिंदु योजना के लंबे समय के कदम अब तक लागू नहीं हुए हैं। इनमें शामिल हैं-
संयुक्त राष्ट्र के अनुमोदित अंतरराष्ट्रीय शांतिबल की तैनाती।
विदेशी प्रशिक्षित फिलिस्तीनी पुलिस बल।
गाजा के रोजमर्रा के कामों के लिए तकनीकी समिति का गठन।
इस्राइल सेना का चरणबद्ध वापसी।
वर्षों लंबी पुनर्निर्माण योजना।
हमास का हथियार छोड़ना इन सभी कदमों के लिए जरूरी है। इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि हथियार छोड़ने के बिना कोई प्रगति नहीं होगी।
डिसआर्ममेंट प्रस्ताव को समझिए
बात अगर ट्रंप की योजना की करें तो ट्रंप की 20-बिंदु योजना कहती है कि हमास के सभी सैन्य, आतंक और आक्रामक ढांचे, जिसमें सुरंग और हथियार निर्माण सुविधाएं शामिल हैं, नष्ट किए जाएं और हथियार स्थायी रूप से उपयोग से बाहर किए जाएं।
हालांकि दूसरी ओर हमास ने भारी हथियार जैसे रॉकेट और हल्के हथियार जैसे राइफल और पिस्तौल में अंतर करने की मांग की है। इसके अलावा वे चाहते हैं कि इस्राइल की सेना की वापसी को हथियार छोड़ने से जोड़ा जाए। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी समर्थित शांति बोर्ड के निदेशक निकोलाई म्लादेनोव ने कहा कि तुर्किय, कतर और मिस्र की मध्यस्थता में हमास को एक नया प्रस्ताव दिया गया है।
इसमें शामिल हैं-
सभी हमास हथियारों का पूरी तरह डिसआर्ममेंट।
सुरक्षा गाजा में नई तकनीकी समिति के नियंत्रण में।
सबसे खतरनाक हथियारों जैसे रॉकेट, विस्फोटक और असॉल्ट राइफल से शुरुआत।
बाद में व्यक्तिगत हथियारों का नियंत्रण।
चरणबद्ध इस्राइल सेना की वापसी।
म्लादेनोव ने कहा कि हथियार छोड़ना ही पुनर्निर्माण और नई फलस्तीनी समिति की सफलता का एकमात्र रास्ता है। गाजा के लोगों के लिए इसका असर बहुत गहरा होगा।
ये भी पढ़ें:- ईरान के खिलाफ अमेरिका की खास रणनीति: रुबियो का दावा- जमीन पर नहीं उतारनी पड़ेगी सेना, बताया कब खत्म होगी जंग?
हमास की प्रतिक्रिया और अनिश्चितता
हमास ने फिलहाल ठंडी प्रतिक्रिया दी है। वरिष्ठ हमास अधिकारी बासेम नैम ने म्लादेनोव पर इस्राइल का पक्ष लेने का आरोप लगाया और एक्स पर लिखा कि वे सब कुछ हथियारों से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी ओर कुछ हमास अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने प्रस्ताव को सिद्धांत में स्वीकार किया है, लेकिन कुछ हिस्सों पर आपत्ति जताई है। उनकी आपत्तियां मुख्य रूप से इस्राइल की हमलों को रोकने की गारंटी और युद्ध न दोहराने के आश्वासन से जुड़ी हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमास कब प्रस्ताव पर जवाब देगा।