इस्राइल में पिछले सात दिनों में तीसरी बार हुए एक हमले में तेल अवीव के निकट पांच लोगों की गोलीबारी से मौत हो गई। इसके साथ ही हाल में इस तरह के आतंकी हमलों में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने एक कड़े संदेश में इस तरह के हमलों से ‘सख्ती से’ निपटने का संकल्प जताया। हमलों के बाद से इस्राइल की पुलिस अलर्ट पर है।
हमले से आगे हिंसा होने की आशंका
सार्वजनिक जगहों पर हो रहे हमलों से चिंता जताई जा रही है कि आगे हिंसा हो सकती है। पुलिस ने कहा कि मंगलवार को मोटरसाइकिल पर सवार एक बंदूकधारी ने दो स्थानों पर फायरिंग की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को इस्राइली सुरक्षा सेवाओं ने कम से कम 12 अरबी नागरिकों के घरों पर छापा मारा और इस्लामिक स्टेट समूह से संबंध रखने के आरोप में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
पीएम बेनेट बोले- इनसे निपटने के लिए सुरक्षा उपायों की आवश्यकता
छापेमारी से कुछ घंटे पहले प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने कहा कि इस्राइल के अंदर हालिया हमले, जिसमें छह लोग मारे गए, एक "नई स्थिति" को चिह्नित करते हैं। इनसे निपटने के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की आवश्यकता है। बता दें कि पिछले सप्ताह हुए दो हमलों के हमलावरों को पुलिस ने मार गिराया था और इस हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी इस्लामिक स्टेट समूह ने ली थी।
कोरोना संक्रमण के कारण बेनेट की भारत यात्रा स्थगित
इससे पहले इस्राइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट की अगले सप्ताह होने वाली भारत यात्रा को कोरोना महामारी की वजह से स्थगित कर दी गई और इसके लिए नई तिथि तय की जाएगी। प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बेनेट की जांच में रविवार शाम को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी और अभी वह घर पर पृथक-वास में रहकर काम कर रहे हैं। वह तीन से पांच अप्रैल के बीच भारत की यात्रा करने वाले थे। मीडिया सलाहकार ने कहा कि प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट की भारत यात्रा स्थगित कर दी गई है और इसके लिए नई तारीख तय की जाएगी।