फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार को लेकर ग्रोक की ट्रांसलेशन गलती सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई। बाद में ग्रोक ने गलती स्वीकार कर अनुवाद सुधारा। आखिर ऐसा कैसे हुआ? आइए, विस्तार से जानते हैं...
फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में कॉकपिट के अंदर हुए हमले के दौरान साहस दिखाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी। हालांकि, पीएम मोदी की पोस्ट का ग्रोक द्वारा किया गया अनुवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का कारण बन गया।
विज्ञापन
ग्रोक ने हिंदी में लिखे 'मच्छार' शब्द का शाब्दिक अर्थ लेते हुए कैप्टन के नाम को "Captain Mosquito Smith" के तौर पर ट्रांसलेट कर दिया। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने एआई के इस अनुवाद की जमकर आलोचना की।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उठाए सवाल
ग्रोक के अनुवाद में लिखा आया "Captain Mosquito Smith is a hero." यूजर्स ने तुरंत इस गलती की ओर ध्यान दिलाया। लोगों ने कहा कि यहां 'मच्छर' किसी सामान्य शब्द के तौर पर नहीं, बल्कि कैप्टन स्मित मच्छार के सरनेम के रूप में इस्तेमाल हुआ था। एक यूजर ने इस अनुवाद को बेहद खराब बताते हुए प्रतिक्रिया दी, जबकि दूसरे ने कहा कि इस गलती के वायरल मीम बनने की पूरी संभावना है।
पीएम मोदी ने कैप्टन की बहादुरी को सराहा था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की तारीफ करते हुए उन्हें एक नायक बताया था। उन्होंने कहा था कि गंभीर रूप से घायल होने और बेहद खतरनाक स्थिति का सामना करने के बावजूद कैप्टन ने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस और दृढ़ता दिखाई। फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर हुए हमले के दौरान कैप्टन मच्छार घायल हो गए थे। घटना के बाद उनकी बहादुरी की चर्चा हुई।
Grok ने बाद में मानी अपनी गलती
सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद ग्रोक ने अपनी गलती स्वीकार की। एक यूजर को जवाब देते हुए एआई ने कहा "हां, बहुत खराब काम था" और बताया कि हिंदी शब्द 'मच्छर' का अंग्रेजी अर्थ 'mosquito' होता है। इसी वजह से उसने नाम को गलत तरीके से “Mosquito Smith” में बदल दिया। इसके बाद ग्रोक ने पीएम मोदी की पोस्ट का संशोधित अनुवाद जारी किया। इसमें कैप्टन का नाम सही तरीके से 'कैप्टन स्मित मच्छार' लिखा गया और उनकी बहादुरी की प्रशंसा को सही संदर्भ में पेश किया गया।
सही अनुवाद में क्या कहा गया?
सुधारे गए अनुवाद में कैप्टन स्मित मच्छार को हीरो बताते हुए कहा गया कि बेहद खतरनाक परिस्थितियों और गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। इसमें उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचने और बड़ी दुर्घटना टलने की बात भी कही गई। ग्रोक ने कैप्टन मच्छार के जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी दोहराई।