अक्सर जीवन के किसी मोड़ पर हमें ऐसा लगने लगता है कि समय हाथ से निकल रहा है। करियर की धीमी रफ्तार, अधूरे सपने और समाज के तय किए गए पैमाने इंसान को भीतर से तोड़ने लगते हैं। लेकिन एक 83 वर्षीय दादी के साहस और जिंदादिली ने न केवल उनकी 31 वर्षीय पोती की सोच बदल दी, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि नए अनुभवों और सपनों को जीने की कोई उम्र नहीं होती। यह कहानी है स्वतंत्र पत्रकार एडन मिलन और उनकी दादी कैरोलीन की, जिन्हें परिवार में प्यार से ‘मीमम’ कहकर पुकारा जाता है।
टेक्सास में रहने वालीं मीमम की इस अनोखी यात्रा ने उम्र को लेकर प्रचलित तमाम धारणाओं को चुनौती दी है। बात 2024 की गर्मियों की है। एडन की शादी से ठीक एक रात पहले उत्तरी अमेरिका से आए परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान एडन थोड़ी चिंतित थीं। वह 31 वर्ष की होने वाली थीं और दो वर्षों बाद अपनी दादी से मिल रही थीं। इस बीच एडन ने अपने शरीर पर कुछ नए टैटू बनवा लिए थे। चूंकि दादी की स्वीकृति उनके लिए बहुत मायने रखती थी, इसलिए वह उन्हें दिखाने को लेकर थोड़ा संकोच कर रही थीं।
नए अनुभवों की चाह
इस मुलाकात के कुछ ही महीनों बाद मीमम ने एक ऐसा प्रस्ताव रखा जिसने एडन को चौंका दिया। उन्होंने कहा कि जब वह अगली पतझड़ में लंदन आएंगी, तो एडन उनका पहला टैटू बनवाने में मदद करें। मीमम ने तय किया कि वह अपने कंधे पर टैटू बनवाएंगी। शुरुआत में उनके मन में कई विचार आए, कभी उन्होंने अपने चार बच्चों के प्रतीक के रूप में चार छोटे पक्षियों या फूलों के बारे में सोचा, तो कभी पीठ पर ‘जिंदगी एक बार मिलती है’ जैसी भावना को उकेरने का विचार आया।
जब लगा काम की गति थम गई तो प्रेरणा मिली
यह पूरी प्रक्रिया एडन के लिए बड़ा सहारा भी बनी, जब वह अपने करिअर को लेकर भीतर ही भीतर परेशान थीं। उनके मन में यह भावना घर कर रही थी कि बाकी लोग उनसे अधिक युवा, प्रतिभाशाली और समझदार हैं। उन्हें बार-बार लग रहा था कि कहीं वह अवसरों की दौड़ में पीछे न छूट जाएं। ऐसे में दादी के टैटू की योजना ने उनका ध्यान बंटाया और आगे की जिंदगी के लिए प्रेरित किया।
नाराज होने का डर था पर दादी की जिज्ञासा बढ़ी
जब मीमम ने एडन के टैटू देखे, तो एक पल के लिए एडन को लगा कि शायद वह नाराज होंगी। लेकिन हुआ इसके बिल्कुल उलट। मीमम ने उनकी बांह थामी और उत्साह से बोलीं, “ये तो कला हैं! मुझे इनके बारे में सब बताओ।” एडन ने अपनी कलाई के चारों ओर लिपटी बारीक रेखाओं वाली अमूर्त कलाकृति, और सजावटी दिल के पीछे छिपे अर्थ को दादी के साथ साझा किया।