दुनिया के सात औद्योगिक देशों के विदेश मंत्रियों ने शुक्रवार को कनाडा में आयोजित जी7 बैठक को समाप्त कर दिया। जी7 बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति के साये में खत्म हुई। वार्ता पर ट्रंप की व्यापार और विदेशी नीतियों के साथ ही कनाडा के प्रति उनके तानों का असर पड़ा।
तनाव के बावजूद, राजनयिकों ने बताया कि वे कई घंटों की बातचीत के बाद एक अंतिम विज्ञप्ति पर सहमति तक पहुंचने के करीब हैं। तीन देशों के राजनयिकों ने कहा कि वे समूह की स्थिति को दर्शाने वाले संयुक्त बयान को पूरा करने की दिशा में 99 फीसदी आगे बढ़ चुके हैं।
जी7 में काफी एकता: मेलानी जोली
इस बीच, कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने कहा कि जी7 में काफी एकता है। उन्होंने कहा, 'हमने कई अलग-अलग मुद्दों के बारे में बात की। हम युद्ध विराम के लिए अमेरिकी प्रस्ताव का समर्थन करते हैं, जिसका यूक्रेनियों ने समर्थन किया है, और हम रूस की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।'
ये भी पढ़ें: US-Canada: ट्रंप ने फोन पर ट्रूडो से की बात, आगामी G7 बैठक पर चर्चा; रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर दिया जोर
लैमी ने बैठक को बताया एकीकृत सम्मेलन
ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा कि समूह यूक्रेन, मध्य पूर्व, अफ्रीका में युद्ध और दक्षिण चीन सागर में चीनी गतिविधियों पर आम स्थिति पर पहुंचा है। लैमी ने इसे एक एकीकृत सम्मेलन बताया और जी7 देशों के बीच सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा, 'मैं जी7 में भागीदारों के बीच मौजूद प्रयास और गर्मजोशी की भावना से प्रसन्न हूं।'
टैरिफ ने जी7 की एकता को कमजोर किया
हालांकि, स्टील और एल्युमीनियम पर ट्रंप के भारी टैरिफ ने जी7 की एकता को कमजोर कर दिया है। सभी जी7 सदस्य टैरिफ से प्रभावित हैं। लेकिन कनाडा, जो अमेरिका की सीमा से लगा हुआ है, सबसे ज्यादा प्रभावित है। ट्रंप ने बार-बार कनाडा के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की हैं और उसे अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात कही है, जिससे तनाव और बढ़ गया है।
ये भी पढ़ें: MEA: जयशंकर ने हिंद-प्रशांत के लिए सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर, जी7 देशों को बताया साझेदार
मार्को रुबियो ने कई विदेश मंत्री से की बात
बढ़ते व्यापार युद्ध ने अमेरिका और उसके करीबी सहयोगियों के बीच संबंधों को और तनावपूर्ण बना दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। उनमें से कई, विशेष रूप से जापानी, ने रुबियो से अपील की कि वे ट्रंप पर अपने प्रभाव का उपयोग करके अपने देश को कठोर व्यापार व्यवहार से बचाएं। हालांकि, ट्रंप ने नरम होने से इनकार कर दिया है।
हम अमेरिकियों पर अधिकतम दबाव डालेंगे: जोली
वहीं, कनाडाई विदेश मंत्री जोली ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'हम अमेरिकियों पर अधिकतम दबाव डालेंगे और यह संदेश देंगे कि ट्रंप के टैरिफ अमेरिका को नुकसान पहुंचा रहे हैं।'
संबंधित वीडियो