स्पेसएक्स का ऐतिहासिक आईपीओ
- फोटो : amarujala.com
ट्रिलियनेयर बनने का क्या मतलब है?
जब एलन मस्क की कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर (1,100 अरब डॉलर) के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंची थी, तब उनकी दौलत का पैमाना पाकिस्तान की पूरी अर्थव्यवस्था से भी कहीं बड़ा था। उस समय पाकिस्तान का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) करीब 452 अरब डॉलर था। यानी मस्क की संपत्ति पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था से लगभग 2.5 गुना बड़ी थी।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अनुसार, दुनिया में केवल 20 देश ऐसे हैं जिनकी अर्थव्यवस्था 1.1 ट्रिलियन डॉलर से बड़ी है। मस्क की कुल अनुमानित दौलत दुनिया के अधिकांश देशों की जीडीपी से ज्यादा थी। इनमें ताइवान का $977 बिलियन (92.81 लाख करोड़ रुपये), आयरलैंड का 779 बिलियन डॉलर (74.00 लाख करोड़ रुपये), स्वीडन का 760 बिलियन डॉलर (72.20 लाख करोड़ रुपये), सिंगापुर का 660 बिलियन डॉलर (62.70 लाख करोड़ रुपये) और मस्क का गृह देश दक्षिण अफ्रीका का 480 बिलियन डॉलर (45.60 लाख करोड़ रुपये) शामिल हैं।
मस्क की दौलत घट कैसे गई?
16 जून को स्पेसएक्स का शेयर 225.64 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। उस समय मस्क की कुल संपत्ति करीब 1.32 ट्रिलियन डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। हालांकि यह तेजी ज्यादा दिन नहीं टिक सकी। इसके बाद स्पेसएक्स का शेयर करीब 31% गिरकर 156 डॉलर के आसपास आ गया। इस गिरावट से एलन मस्क की संपत्ति से अनुमानित 363 अरब डॉलर कम हो गए और उनकी कुल नेटवर्थ फिर 1 ट्रिलियन डॉलर से नीचे आ गई।
शेयर में गिरावट का दौर कैसे चला?
- 22 जून को स्पेसएक्स का शेयर 16% से ज्यादा गिरा, जो किसी भी कंपनी के बाजार मूल्य में इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी एक-दिवसीय गिरावटों में से एक रही।
- इस गिरावट से स्पेसएक्स के बाजार मूल्य से करीब 400 अरब डॉलर साफ हो गए।
- सिर्फ एक दिन में एलन मस्क की संपत्ति करीब 240 अरब डॉलर घटकर लगभग 1.08 ट्रिलियन डॉलर रह गई, जिसके बाद गिरावट का सिलसिला जारी रहा।
- टेस्ला का शेयर 16 जून के बाद से 4.14% और इस साल अब तक 7% से ज्यादा गिर चुका है, जिससे मस्क की कुल संपत्ति पर और दबाव बढ़ा।
- टेक और एआई शेयरों में बिकवाली के बीच सोमवार को नैस्डैक 1.3% गिर गया, जबकि अल्फाबेट, मेटा, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन के शेयरों में भी कमजोरी रही।
- बुधवार को स्पेसएक्स का शेयर में 1.13% की गिरावट आई है और यह 154.35 डॉलर प्रति शेयर पर पहुंच गया।
स्पेसएक्स के शेयर टूटने का कारण
- फोटो : Amar Ujala
बंपर ओपनिंग के बाद क्यों तेजी से गिर रहे हैं स्पेसएक्स के शेयर?
बाजार में सबसे बड़ी चिंता एआई पर हो रहा भारी खर्च है। बड़ी टेक कंपनियां नए एआई मॉडल विकसित करने और उन्हें चलाने के लिए अरबों डॉलर डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर रही हैं। इन चिंताओं का असर सबसे ज्यादा स्पेसएक्स के शेयरों पर पड़ा।
अल्फाबेट, अमेजॉन और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाने के लिए सैकड़ों अरब डॉलर निवेश करने की योजना पर काम कर रही हैं। दूसरी ओर एआई मॉडल के लिए जरूरी मेमोरी चिप्स की मांग तेजी से बढ़ने के कारण उनकी कीमतें भी बढ़ रही हैं। इससे निवेशकों को डर है कि एआई से होने वाला मुनाफा आने में अपेक्षा से ज्यादा समय लग सकता है।
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट
- फोटो : Amar Ujala
कौन है अभी दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति?
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में हालिया गिरावट के बावजूद एलन मस्क 946 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनके आसपास भी कोई अरबपति नहीं है। हालांकि, पिछले कारोबारी दिन उनकी संपत्ति में 11.5 अरब डॉलर की कमी आई है। इसके बावजूद 2026 में अब तक उनकी कुल संपत्ति में 326 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
क्या फिर से ट्रिलियनेयर बन सकते हैं मस्क?
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी बड़ी ग्रोथ कंपनी के आईपीओ के बाद शेयरों में तेज उतार-चढ़ाव सामान्य बात है। हालांकि स्पेसएक्स के मामले में यह उतार-चढ़ाव काफी बड़ा रहा है।
बीबीसी की रिपोर्ट में एजेबेल की वित्तीय विश्लेषण प्रमुख डैनी हेवसन के अनुसार, स्पेसएक्स जैसे शेयरों में शुरुआती निवेश काफी हद तक भविष्य की उम्मीदों और भावनाओं पर आधारित था। लेकिन इतने बड़े निवेश में धैर्य और वास्तविक आंकड़ों के आधार पर फैसला लेना जरूरी होता है।
विश्लेषकों का मानना है कि अगर स्पेसएक्स के शेयरों में सिर्फ करीब 6% की रिकवरी होती है तो एलन मस्क एक बार फिर 1 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति का आंकड़ा पार कर सकते हैं। जुलाई के आखिर से कंपनी के अंदरूनी निवेशकों को चरणबद्ध तरीके से शेयर बेचने की अनुमति मिलेगी, जिससे निकट भविष्य में शेयरों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।