प्रधानमंत्री बार्नियर और इमैनुअल मैक्रों
- फोटो : एएनआई/रॉयटर्स
फ्रांस में चुनाव के दो महीने बाद आखिरकार नई सरकार का गठन हो गया। शनिवार को राष्ट्रपति भवन में सेंटर-राइट विंग (केंद्र-दक्षिणपंथी) सरकार की घोषणा की गई। कंजरवेटिव फ्रांसीसी प्रधानमंत्री मिशेल बार्नियर ने कई सप्ताह की कठिन बातचीत के बाद सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की। 38 सदस्यीय मंत्रिमंडल में मध्यमार्गी गठबंधन और कंजरवेटिव रिपब्लिकन पार्टी के मंत्री शामिल हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने नई सरकार को मंजूरी दे दी है।
बता दें कि जून-जुलाई में हुए चुनावों में वामपंथी गठबंधन ने सबसे ज्यादा सीटें हासिल कीं, लेकिन पूर्ण बहुमत किसी को नहीं मिला था। नई सरकार बनाने के लिए पिछले दो महीने से जोर-आजमाइश चल रही थी। बीच में ओलंपिक खेल होने की वजह से भी इसमें देरी हुई थी।
जीन-नोएल बैरोट को विदेश मंत्री की जिम्मेदारी
मोडेम पार्टी के जीन-नोएल बैरोट नए विदेश मंत्री बनाए गए हैं, जो मध्यमार्गी विचारधारा से आते हैं। उनके पास यूरोपीय संघ के भीतर जटिल अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को सुलझाने का व्यापक अनुभव है। एंटोनी आर्मंड को नया वित्त मंत्री बनाया गया है। एंटोनी फ्रांसीसी राजनीति में एक उभरती हुई शख्सियत हैं। उन्हें फ्रांस के बढ़ते कर्ज से निपटने के लिए ब्रुसेल्स के दबाव के बीच आगामी 2025 के बजट का प्रबंधन करने का काम सौंपा गया है।