यूएस कैपिटल पर दंगे के दौरान पुलिस पर काली मिर्च स्प्रे के हमला करने के मामले में दक्षिणी कैलिफोर्निया के एक व्यक्ति को साढ़े चार साल जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के यूएस कैपिटल पर हमले के दौरान गुंडागर्दी और दुष्कर्म के मामले में सांता एना के 56 वर्षीय जेफरी स्कॉट ब्राउन को संघीय जेल में 54 महीने की सजा सुनाई गई है।
टेक्सास में फायरिंग, आठ साल के बच्चे समेत पांच की मौत
क्लीवलैंड। अमेरिका के टेक्सास के क्लीवलैंड में शनिवार को एक बंदूकधारी ने गुस्से में पड़ोसियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें आठ साल के बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। आरोपी की पहचान फ्रांसिस्को ओरोपेजा (38) के रूप में हुई है। आरोपी अपने यार्ड में फायरिंग कर रहा था। उसी दौरान पड़ोसियों ने अपने बच्चे को सुलाने के लिए फायरिंग बंद करने को कहा। कहा सुनी की बाद उसने घर में घुसकर फायरिंग कर दी।
लॉस एंजिलिस में विमान दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत
लॉस एंजिलिस। लॉस एंजिलिस के एक इलाके में शनिवार रात धुंध के चलते विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मलबे में एक व्यक्ति का शव मिला है। लॉस एंजिलिस अग्निशमन विभाग ने रात 11:20 बजे अलर्ट जारी कर कहा कि जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां एक व्यक्ति का शव मिला है।
भारत के इनपुट पर सेशेल्स ने पकड़ी भारी मात्रा में ड्रग
सेशेल्स की नौसेना ने भारतीय रियल टाइम इनपुट के आधार पर एक बड़ा समुद्री अभियान चलाया और भारी मात्रा में ड्रग ले जा रही नौका को पकड़ा। भारतीय खुफिया सूत्रों ने बताया कि सेशेल्स के पास समुद्र में पकड़े गए जहाज में ड्रग के 50 से अधिक बड़े बैग जब्त किए गए। जहाज और उसके चालक दल के सात सदस्यों को सेशेल्स कोस्ट गार्ड इले डु पोर्ट पर अपने बेस तक ले गया। भारतीय खुफिया सूत्रों के अनुसार, सेशेल्स के राष्ट्रपति वावेल रामकलावन, सेशेल्स रक्षा बल (एसडीएफ) के अन्य वरिष्ठ सदस्य और सेशेल्स पुलिस सभी नौका के तलाशी अभियान के दौरान मौजूद थे।
घर की घंटी बजाने पर 3 की हत्या में भारतीय मूल का व्यक्ति दोषी
मजाक में घर की घंटी बजाने पर तीन किशोरों की हत्या के मामले में भारतीय मूल के अनुराग चंद्रा को दोषी करार दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 19 जनवरी, 2020 को कुछ शरारती लड़कों ने अनुराग के घर की घंटी बजाई थी। इस बात पर उसने उनको कार से टक्कर मार दी। कोर्ट में अनुराग चंद्रा ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन वह बहुत नशे में था और उसने 12 बियर पी रखी थी। हालांकि, उसका मकसद उन्हें मारना नहीं, बल्कि सबक सिखाने का था। टक्कर से पहले वह 159 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। साथ ही उसने कहा, वह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित था। घर की घंटी बजाने वालों के लिए उसके मन में गुस्सा भरा हुआ था।
मालदीव को गश्ती पोत व लैंडिंग क्राफ्ट सौंपेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एक मई से तीन मई तक मालदीव की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह द्वीपीय देश को भारत की ओर से उपहार के तौर पर एक गश्ती पोत और एक लैंडिंग क्राफ्ट सौंपेंगे। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा, राजनाथ की मालदीव यात्रा दोनों देशों के बीच मित्रता को और मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।