पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनिर (फाइल फोटो)।
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने सोमवार को कहा कि सैन्य प्रतिष्ठानों पर हाल में हुए हमले ‘‘बर्दाश्त करने योग्य नहीं’’ हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि 25 मई को देश भर में ‘‘पाकिस्तान शहीद दिवस’’ मनाया जाएगा। सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मारे गए सैनिकों को सम्मानित करने के लिए जनरल मुख्यालय, रावलपिंडी में आयोजित एक समारोह के दौरान उन्होंने यह घोषणा की।
बयान में जनरल मुनीर के हवाले से कहा गया है, बेशक, हम शहीदों की कर्तव्य भावना और महान कुर्बानियों के कारण एक खुले स्वतंत्र वातावरण में रह रहे हैं। उन्होंने नौ मई को हुई हिंसा के दौरान सैन्य प्रतिष्ठानों और स्मारकों पर हाल में हुए हमलों को लेकर दुख जताया और इस तरह की कार्रवाइयों को बर्दाश्त नहीं करने योग्य करार दिया।
नौ मई को इस्लामाबाद में अद्धसैनिक रेंजरों द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार किए जाने के बाद हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ था। उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लाहौर कोर कमांडर हाउस, मियांवाली एयरबेस और फैसलाबाद में आईएसआई भवन सहित एक दर्जन सैन्य प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की थी। रावलपिंडी में सेना मुख्यालय (जीएचक्यू) पर भी पहली बार भीड़ ने हमला किया था।
पुलिस ने हिंसक झड़पों में मरने वालों की संख्या 10 बताई, जबकि खान की पार्टी का दावा है कि सुरक्षाकर्मियों की गोलीबारी में उसके 40 कार्यकर्ताओं की जान चली गई। पाक सेना द्वारा हिंसा के बाद खान के हजारों समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने सैन्य परिसरों पर हमले के आरोपियों के खिलाफ सैन्य अदालत में मुकदमा चलाने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। उधर, नेशनल एसेंबली ने हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सैन्य कानून के तहत मुकदमा चलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।