विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला अपनी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे और प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे सहित देश के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे तथा भारत एवं श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे।
श्रीलंका की चार दिवसीय यात्रा पर आए विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला रविवार को तमिल अल्पसंख्यकों की बहुलता वाले जाफना शहर की यात्रा करेंगे और द्वीप के प्रसिद्ध बौद्ध मंदिर ‘टूथ’ (दंत मंदिर) के दर्शन करेंगे। इसके अलावा वे राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे और प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे सहित देश के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे तथा भारत एवं श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे।
विज्ञापन
जानिए क्या है श्रृंगला का आज का कार्यक्रम
अधिकारियों के अनुसार श्रृंगला ‘सेंट्रल’ प्रांत की राजधानी कैंडी की यात्रा करेंगे, जहां वह ऐतिहासिक बौद्ध मंदिर ‘टूथ’ जाएंगे। इसके बाद वह पूर्वी बंदरगाह त्रिंकोमाली और ‘नॉदर्न’ प्रांत की राजधानी जाफना जाएंगे। इन तीनों प्रांतों की यात्रा के दौरान श्रृंगला भारत द्वारा वित्तपोषित उन परियोजनाओं का भी दौरा करेंगे, जिनकी निगरानी देश में भारतीय मिशन कर रहा है।श्रृंगला श्रीलंका के विदेश मंत्री जी एल पीरिस से भी मुलाकात करेंगे। पिछले साल जनवरी में विदेश सचिव का पद संभालने के बाद यह श्रृंगला की श्रीलंका की पहली यात्रा है।
सोमवार को होगी उच्च स्तरीय वार्ता
दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच कोलंबो में सोमवार को उच्च स्तरीय वार्ताएं होंगी। श्रृंगला तीनों राजपक्षे भाइयों राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे, प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे से मुलाकात करेंगे। इन तीनों नेताओं के अलावा श्रृंगला मुख्य तमिल दल ‘तमिल नेशनल अलायंस’ के प्रतिनिधिमंडल से भी वार्ता करेंगे।