बांग्लादेश में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मंगलवार को रोहिंग्या शरणार्थी की मौत हो गई। 71 वर्षीय शख्स की मौत रोहिंग्या समुदाय में कोरोना के कारण होने वाली पहली मौत है। कॉक्स बाजार के कुटुपालोंग रोहिंग्या कैंप में 16 मई को दो रोहिंग्या शरणार्थी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। लॉकडाउन के बाद स्थानीय प्रशासन ने करीब 5,000 रोहिंग्या को कैंप में बंद कर दिया था।
मृतक का इलाज कॉक्स बाजार स्थित उखिया कैंप में किया जा रहा था। इसकी मौत 31 मई को हो गई थी, लेकिन पुष्टि सोमवार की रात हुई। यह जानकारी वहां के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी तोहा भूइंया ने दी। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, बांग्लादेश में एक जून तक कोविड-19 संक्रमण के चपेट में कुल 47 हजार से अधिक लोग आए हैं, जिनमें से 650 लोगों की मौत हुई है।