पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की पूर्व पत्नी रेहम खान की कार पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला किया है। रेहम खान ने खुद ट्वीट करके इस हमले की जानकारी दी है। रेहाम खान के मुताबिक, जब वह अपने भतीजे की शादी से लौटकर रात को घर लौट रही थी, इसी दौरान उनकी कार पर अचानक फायरिंग की गई। गनीमत की बात रही कि रेहम खान बाल-बाल बच गईं। रेहम ने इमरान सरकार के खिलाफ ट्वीट कर आरोपों की झड़ी लगा दी। रेहम खान ने इमरान खान से पूछा कि क्या यही है इमरान खान का नया पाकिस्तान? कायरों, ठगों और लालचियों की स्थिति में आपका स्वागत है !!
दूसरे ट्वीट में रेहम खान ने लिखा, 'मैं एक आम पाकिस्तानी की तरह पाकिस्तान में ही जीना और मरना चाहती हूं। चाहें मुझ पर कायराना हमला हो या बीच सड़क पर कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जाएं। इस तथाकथित सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मैं अपने देश के लिए गोली खाने को भी तैयार हूं।'
पहले भी घेर चुकी हैं रेहम खान
इससे पहले रेहम खान ने इमरान खान पर इस्लाम का इस्तेमाल करके वोट हासिल करने और पाकिस्तान में बढ़ते रेप के मामलों में महिलाओं के कपड़ों को लेकर इमरान खान के विवादित बयान को लेकर भी निशाना साधा था। यहां तक कि रेहम खान ने इमरान खान को ढोंगी करार दिया था। साथ ही तालाक को लेकर भी रेहम खान ने इमरान खान पर तंज कसा था। रेहम खान ने कहा था कि खुद दो बार तालाक देने वाला इंसान भी इसपर अपनी सफाई देता है।
भ्रष्टाचार और यौन अपराध मुस्लिम जगत के सामने मुख्य बुराई : इमरान
पाक पीएम इमरान खान ने कहा है कि बढ़ता भ्रष्टाचार और यौन अपराध मुस्लिम जगत के सामने दो मुख्य बुराइयां रही हैं। उन्होंने यह बात दुनिया के शीर्ष मुस्लिम विद्वानों के साथ ‘रियासत-ए-मदीना : इस्लाम, समाज और नैतिक पुनरुद्धार’ विषय पर आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में कही। इसका आयोजन राष्ट्रीय रहमतुल-लिल-आलमीन प्राधिकरण (एनआरएए) ने किया था।
खान ने अक्तूबर में एनआरएए का गठन पैगंबर साहब के जीवन से सबक को जनता तक पहुंचाने संबंधी शोध के लिए किया था। कार्यक्रम के दौरान इमरान खान ने कहा, समाज में दो तरह के अपराध होते हैं, एक- भ्रष्टाचार और दूसरा- यौन अपराध। हमारे समाज में यौन अपराध तेजी से बढ़े हैं। समाज को इससे लड़ना होगा। उन्होंने भ्रष्टाचार को भी समाज में अस्वीकार्य बनाने की अपील की।