कैलिफोर्निया की ताहो झील में बड़ा हादसा हुआ। अचानक आए तूफान ने एक परिवार की खुशियां काफूर कर दीं। तूफान के चलते झील में नाव पर जन्मदिन का जश्न मना रहे एक परिवार के चार लोगों समेत आठ की मौत हो गई। जबकि दो लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बचाया गया।
उत्तरी कैलिफोर्निया के रेडवुड सिटी 73 वर्षीय टेरी पिक्ल्स ताहो झील में अपने बेटे सैन फ्रांसिस्को निवासी 37 वर्षीय जोश पिक्ल्स की नाव पर अपनी पत्नी 71 वर्षीय पाउला बोजिनोविच का जन्मदिन मना रहे थे। इस दौरान अचानक आए तेज तूफान में नाव पलट गई। हादसे में जोश पिक्ल्स, उनके पिता टेरी पिक्ल्स, मां पाउला बोजिनोविच और लिंकन निवासी उनके चाचा 72 वर्षीय पीटर बेयस की मौत हो गई।
जोश पिकल्स की पत्नी जॉर्डन सुगर-कार्ल्सगार्ड ने कहा कि हम उस दर्द और पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते हैं जो हमें यह जानकर महसूस हो रहा है कि झील पर आनंदमय समय बिताने के दौरान उनकी जान चली गई। हमारी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने दुखद रूप से अपनी जान गवां दी।
ये भी पढ़ें: अमेरिका की सख्ती से टूटेगा गठबंधन या और मजबूत होगा पश्चिमी मोर्चा? दांव पर नाटो की साख
परिवार के प्रवक्ता सैम सिंगर ने बताया कि सभी लोग पाउला बोजिनोविच का जन्मदिन मना रहे थे। जबकि जोश पिक्ल्स की पत्नी अपनी सात महीने की बेटी की देखभाल के लिए घर पर ही रहीं। उन्होंने बताया कि जोश और जॉर्डन की शादी 2023 में हुई थी। उन्होंने सैन फ्रांसिस्को में कई टेक कंपनियों में काम किया। जोश डोरडैश में और जॉर्डन एयरबीएनबी में काम करते थे। वे अपना समय खाड़ी क्षेत्र और ताहो झील के पास बने घर में बिताते थे।
डोरडैश के मुख्य वित्तीय अधिकारी रवि इनुकोंडा ने कहा कि जोश लगभग सात साल से कंपनी में काम कर रहे थे। वह अपनी टीम से प्यार करते थे और उन सभी के लिए प्रेरणा थे जिन्हें उन्हें जाना। हमारी संवेदनाएं उनकी पत्नी, उनकी बेटी, उनके परिवार और उनके करीबी सभी लोगों के साथ हैं।
अमेरिकी तटरक्षक अधिकारियों ने बताया कि 27 फुट (8 मीटर) लंबे क्रिस-क्राफ्ट नाव पर दस लोग सवार थे। शनिवार दोपहर को तूफान के कारण ऊंची लहरें उठीं और नाव झील के दक्षिण-पश्चिमी किनारे पर डीएल ब्लिस स्टेट पार्क के पास पलट गई। लहरें इतनी बड़ी थीं कि पानी नाव पर आ गया और नाव भरने लगी। इंजन बंद हो गया। अफसरों ने बताया कि हादसे में ऑबर्न, कैलिफोर्निया निवासी 71 वर्षीय टिमोथी ओलेरी, हनीओय, न्यूयॉर्क निवासी 66 वर्षीय थेरेसा गिउल्लारी और 69 वर्षीय जेम्स गुक और स्प्रिंगवाटर, न्यूयॉर्क निवासी 63 वर्षीय स्टीफन लिंडसे की भी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: ट्रंप प्रशासन का दोहरा चरित्र उजागर, भारत आने वाले अमेरिकियों के लिए जारी की गई बेतुकी एडवाइजरी पर विवाद
नेवादा के रेनो में राष्ट्रीय मौसम सेवा कार्यालय के मौसम विज्ञानी मैथ्यू चिबा ने बताया कि आंधी की तीव्रता ने पूर्वानुमान लगाने वालों को भी चौंका दिया। जिन्होंने बारिश की भविष्यवाणी की थी। हवा की रफ्तार 35 मील प्रति घंटे (56 किलोमीटर प्रति घंटे) से अधिक थी और लहरें 8 फीट (2.5 मीटर) से अधिक ऊंची थीं। साउथ लेक ताहो पुलिस लेफ्टिनेंट स्कॉट क्रिवेली ने बताया कि झील पर हर साल डूबने और अन्य आकस्मिक मौतें होती हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों की जान लेने वाले हादसे कम होते हैं। प्रत्येक गर्मियों में झील पर औसतन छह मौतें होती हैं, हालांकि 2021 में रिकॉर्ड 15 मौतें हुईं।