अमेरिका में सफेद पूंछ वाले हिरण में फैला कोरोना
- फोटो : Amar Ujala Digital
कोरोना महामारी से दुनियाभर के करोड़ों लोग संक्रमित हैं। बीते दो सालों में वायरस ने कई रूप बदलकर संक्रमण की कई लहर फैलाई हैं। इससे लाखों लोगों की जानें चली गईं। अब अमेरिका में हिरणों की एक प्रजाति में कोरोना फैल गया है। विशेषज्ञों ने सफेद पूंछ वाले हिरणों में संक्रमण को लेकर चिंता जताई है।
नया वैरिएंट फैलने की संभावना
सबसे बड़ी बात है कि अमेरिका में इस प्रजाति के हिरणों की संख्या 3 करोड़ है। ये इंसानों के संपर्क में आते रहते हैं। न्यूयार्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार 2020 में शिकारियों के पास बड़ी संख्या में मृत हिरण मिले थे। वैज्ञानिकों ने जांच में पाया कि उनमें 60 प्रतिशत हिरण संक्रमित थे।
पेन्सिल्वेनिया यूनिवर्सिटी के माइक्रोबायोलोजिस्ट विवेक कपूर का कहना है कि उनकी टीम ने 4 हजार मृत हिरणों की जांच की। इसमें पता लगा कि संक्रमण बड़े पैमाने पर फैल गया है। जानवरों में कोरोना के नए वैरिएंट मिलने की भी संभावना है। इससे अमेरिका में चिंता बढ़ गई है।
हिरणों की सैंपलिंग बढ़ाई गई
अमेरिका में काले हिरणों में संक्रमण पिछले साल अगस्त में पाया गया था, लेकिन अब जानवरों से फैलने वाले संक्रमण ने चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी कृषि विभाग ने पहले कुत्तों, बिल्लियों, बाघों, शेरों, हिम तेंदुए, ऊदबिलाव, गोरिल्ला और मिंक सहित जानवरों में कोरोना की पुष्टि की थी। अब हिरणों के ब्लड सैंपल लेकर जांच बढ़ा दी गई है। वहीं जानवरों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। लोगों को जानवरों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
अमेरिका में जानवरों में कोरोना के कई केस सामने आ चुके हैं लेकिन भारत में अभी तक जानवरों में कोरोना का मामला दर्ज नहीं हुआ है। भारत में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय कई बार कह चुका है कि कोरोना वायरस सिर्फ इंसान से इंसान में फैलता है जानवरों से नहीं। अपनी वेबसाइट पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि एक कुत्ता, बिल्ली या कोई पालतू जानवर कोविड -19 संक्रमण फैला सकता है। वहीं मंत्रालय ने कच्चे मांस, दूध या जानवरों के अंगों को संभालने वाले लोगों से बिना पके खाद्य पदार्थों के दूषित होने और कच्चे या अधपके पशु उत्पादों के सेवन से बचने के लिए कहा है।