अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राजनीतिक और निजी जीवन का हर पहलू जांच के दायरे में है। राष्ट्रपति के तौर पर दो साल से भी कम समय में ही ट्रंप व्हाइट हाउस, प्रचार अभियान, सत्ता हस्तांतरण से लेकर चैरिटी और कारोबार से जुड़े मामलों में जांच का सामना कर रहे हैं। इतना ही नहीं ट्रंप के कारोबारी सहयोगी, राजनीतिक सलाहकार, परिवार के सदस्य और उनके पिता के उद्योगों की भी जांच की जा रही है।
हालांकि ट्रंप ने इन सभी जांचों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए आरोपों को खारिज किया है। माना जा रहा है कि अगले साल इन मामलों में जांच की रफ्तार तेज हो सकती है क्योंकि डेमोक्रेट्स का सदन पर नियंत्रण बढ़ने की संभावना है। कहा जा रहा है कि वे खुद जांच शुरू कर सकते हैं और महाभियोग लाने पर भी विचार कर सकते हैं। अगर ट्रंप महाभियोग से बच भी जाते हैं तो भी डेमोक्रेट्स द्वारा होने वाली जांच उनके लिए सिरदर्द बन सकती है।
गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन के गृह मामलों के मंत्री रयान जिंके ने शुक्रवार को पद छोड़ने की घोषणा की थी। वह चौथे कैबिनेट मंत्री हैं, जिन्होंने ट्रंप प्रशासन से इस्तीफा दिया है। जिंके पर व्यक्तिगत लाभ के लिए पद का दुरुपयोग करने समेत कई आरोप लगे हैं। उनकी यात्राओं, राजनीतिक गतिविधियों और हितों के टकराव को लेकर उनके खिलाफ संघीय जांच चल रही है।
इन मामलों में चल रही जांच
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ चल रहे मामलों में जांच रही है, उनमें रॉबर्ट मूलर मामला, अमेरिकी चुनाव में रूसी हस्तक्षेप, ट्रंप की कथित प्रेमिकाओं को धनराशि देने का मामला, न्यूयॉर्क अभियान, वित्त मामला और उद्घाटन समिति के वित्त और कार्यों मामला शामिल है।