दक्षिणी जर्मनी के प्रमुख शहर म्यूनिख के एक शॉपिंग मॉल में शुक्रवार शाम में अंधाधुंध फायरिंग की एक घटना में हमलावर समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया है। पुलिस की मानें तो हमलावर एक ही था, जिसकी वारदात वाली जगह पर लाश मिली है।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि किसने इस हमले को अंजाम दिया। हफ्ते भर पहले ही जर्मनी की एक ट्रेन में एक युवती ने अचानक कुल्हाड़ी से वार कर तीन लोगों को मार दिया था। आतंकी संगठन आईएस ने इस घटना की जिम्मेदारी ली थी। जर्मनी के बावरिया प्रांत के आंतरिक मंत्रालय ने कहा है कि 9 लोग मारे गए हैं।
इससे पहले पुलिस ने लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की थी। पुलिस ने ऐलान किया था कि जो लोग घर से बाहर हैं वे किसी घर में शरण ले लें। वहीं, चश्मदीदों की मानें तो तीन बंदूकधारी देखे गए थे।