ब्रिटेन के एक मंत्री ने मंगलवार को कबूल किया कि उनके एक सेक्स वर्कर के साथ रिश्ते रहे
- फोटो : Reuters
ब्रिटेन के एक मंत्री ने मंगलवार को कबूल किया कि उनके एक सेक्स वर्कर के साथ रिश्ते रहे थे, लेकिन तब उन्हें उसके धंधे के बारे में पता नहीं था। संस्कृति सचिव जॉन व्हिटिंगडल ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि वह महिला एक अखबार के साथ अपनी खबर का सौदा करने की कोशिश कर रही है, तो उन्होंने रिश्ता तोड़ लिया। संस्कृति सचिव के अनुसार, यह उनके मंत्री बनने से पहले की बात है।
व्हिटिंगडल के रिश्ते के बारे में एक ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर यह खबर आने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। मंत्री बनने से पहले वे प्रेस रेगुलेटर थे और सवाल उठाया जा रहा है कि क्या उनके पद के कारण अखबार ने उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी सूचना के साथ समझौता किया।
इस विवाद पर अपने बयान में व्हिटिंगडल ने कहा कि यह एक पुरानी कहानी है। यह बहुत पहले की बात है, तब मैं अपनी हालिया जगह पर नहीं था। इस रिश्ते के कारण बतौर संस्कृति सचिव मेरे किसी फैसले पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।