पुलिस ने लंदन ट्यूब ट्रेन में हुए आतंकी हमले से जुड़े एक 18 वर्षीय संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आतंकी हमले की जांच में इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण बताया है।
केंट पुलिस ने इस व्यक्ति को शनिवार सुबह डोवर के पोर्ट क्षेत्र से आतंकी कानून के तहत गिरफ्तार किया। उसे स्थानीय पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखने के बाद साउथ लंदन पुलिस स्टेशन में भेज दिया गया।
मेट्रोपोलिटन पुलिस के डिप्टी असिस्टेंट कमिश्नर नील बासु ने कहा, ‘हमने शनिवार सुबह इस मामले में एक महत्वपूर्ण गिरफ्तारी की है। हम इस मामले में हुई प्रगति से खुश हैं और यह जांच जारी है।’ उन्होंने कहा कि इस जांच के कारणों से हम इस स्तर पर गिरफ्तार व्यक्ति के बारे में अधिक जानकारी नहीं दे सकते हैं।
पढ़ें: तस्वीरों में देखिए, कितना भयंकर था लंदन अंडरग्राउंड रेलवे स्टेशन में हुआ ब्लास्ट
आईएस ने ली लंदन धमाके की जिम्मेदारी, आईईडी का उपयोग
इस्लामिक स्टेट ने शुक्रवार को पारसन्स ग्रीन अंडरग्राउंड स्टेशन पर हुए बम धमाके की जिम्मेदारी ली है। आईएस की समाचार एजेंसी ‘अमाक’ के कहा कि लंदन मेट्रो हमले में किए गए धमाके को हमारे ही दल ने अंजाम दिया है।
उसने दावा किया कि यह हमला आईईडी से किया गया था। इसका मकसद ट्रेन में सवार यात्रियों को नुकसान पहुंचाना था। इस हमले में अब तक 30 लोगों के घायल होने की खबर हैं। ब्रिटेन में यह इस साल का पांचवां आतंकी हमला है जिसके चलते सुरक्षा बलों ने लंदन में खतरे का स्तर बढ़ा दिया है।