ब्रिटेन की एक अदालत ने भारतीय मूल उस युवक को आठ साल कैद की सजा सुनाई है जिसने अपने पिता की हत्या के लिए ऑनलाइन विस्फोटक खरीदने की कोशिश की थी। दोषी ठहराए गए युवक के पिता ने श्वेत प्रेमिका के साथ उसके रिश्ते को मंजूरी देने से इंकार कर दिया था।
बता दें कि ब्रिटेन की राष्ट्रीय अपराध एजेंसी (एनसीए) के अधिकारियों ने पिछले साल मई में गुरतेज सिंह रंधावा को गिरफ्तार किया था जिसने एक ‘कार बम’ का ऑर्डर किया था। हालांकि अधिकारियों ने डिलिवरी से पहले इस ऑर्डर को कृत्रिम (डमी) उपकरण से बदल दिया।
बर्मिंघम क्राउन कोर्ट ने नवंबर 2017 में 19 वर्षीय गुरतेज को किसी अन्य के जीवन को खतरे में डालने एवं गंभीर रूप से जख्मी करने के इरादे से
विस्फोटक रखने का दोषी ठहराया। अदालत ने शुक्रवार को गुरतेज के लिए सजा भी सुना दी।
न्यायाधीश चीमा ग्रब ने सजा सुनाए जाने के दौरान गुरतेज से कहा, ‘मुझे कोई संदेह नहीं है कि प्रेमिका के साथ रहने और उसी के साथ में विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने के इरादे से तुमने इस कृत्य को अंजाम दिया।’ एजेंसी के मुताबिक, गुरतेज ने क्रिप्टो करेंसी के जरिए बम के ऑर्डर का भुगतान किया और डिलिवरी के लिए घर से थोड़ी दूर का पता दिया था।