आल्प्स की पहाड़ियों पर चढ़ाई करने वाले एक फ्रांसीसी पर्वतारोही को कीमती रत्नों से भरा एक बक्सा मिला है, जिस पर ''मेड इन इंडिया'' लिखा हुआ है।
माना जा रहा है यह बक्सा इस पहाड़ी क्षेत्र में कई दशक पहले दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के दो विमानों में सवार किसी यात्री का हो सकता है। सन 1950 और 1966 में इस क्षेत्र में एयर इंडिया के दो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए थे।
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक फ्रांस के सवोई क्षेत्र के पुलिस कमांडर सिल्वेन मेर्ली ने कहा कि मोंट ब्लैंक की पहाड़ियों पर चढ़ाई करने वाले एक अनुभवी पर्वतारोही को धातु का यह बक्सा मिला।
प्रशासन का मानना है कि लाखों डॉलर के रत्नों से भरे एक बक्से के मिलने की जानकारी सार्वजनिक करने के पीछे इसके असली मालिक का पता लगाना है।
मेर्ली ने गुरुवार को कहा कि जूते के बक्से से थोड़ा छोटे इस बॉक्स में रत्नों को छोटे-छोटे बैग में रखा गया है। इसमें से अधिकतर पन्ना और नीलम है।
मलबा
मेर्ली ने कहा कि मोंट ब्लैंक में दुर्घटनग्रस्त विमानों का मलबा जब तब सतह पर आता रहता है। उन्होंने कहा, ''ये चीजें ग्लेशियर से आई हो सकती है, जो हमेशा गतिशील रहते हैं।''
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पर्वतारोही ने इस बॉक्स को तुरंत पुलिस को सौंप दिया। इससे साबित होता हैं कि लोगों में अब भी ईमानदारी बची हुई है।
उन्होंने पर्वतारोही इसे अपने पास रख सकता था लेकिन उन्होंने इसे लौटाना उचित समझा। उनका मानना था ये कीमती चीजें किसी ऐसे आदमी की है जिसकी इस दुर्घटना में मौत हो गई।
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बक्से का अगर कोई दावा नहीं करता है तो इन रत्नों का क्या होगा।