नीलामी घर सूदबी का कहना है कि 59.6 कैरेट के एक शानदार गुलाबी हीरे को स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर में छह करोड़ डॉलर की रिकॉर्ड कीमत के साथ नीलामी में रखा जाएगा।
सूदबी का कहना है कि ‘पिंक स्टार’ नाम का ये अंडाकार हीरा नीलाम किया जाने वाला कीमती हीरा होगा।
सूदबी के डेविड बेनेट के अनुसार ये हीरा 'पृथ्वी के महानतम प्राकृतिक खजानों का हिस्सा' कहा जा सकता है।
ये हीरा आकार में 27.78 कैरेट के उस ग्राफ पिंक हीरे से दोगुना है जिसे 4.62 लाख डॉलर की रिकॉर्ड क़ीमत पर बेचा गया था।
इस हीरे को 1999 में हीरों की कंपनी डी बीयर्स ने अफ्रीका से हासिल किया था।
सूदबी के मुताबिक जब इसे निकाला गया तो इसका वजन 132।5 कैरेट था। बाद में श्टाइनमेत्ज़ डायमंड्स कंपनी ने इसकी कटिंग और पॉलिशिंग की।
'ये हीरा ख़ास है'
यूरोप और मध्य पूर्व में सूदबी के आभूषण विभाग के अध्यक्ष बैनेट का कहना है, “पिछले 35 वर्षों के दौरान मुझे दुनिया के सबसे शानदार हीरों को परखने का मौका मिला है, लेकिन मैं ये बात बिना किसी झिझक के कह सकता हूं कि पिंक स्टार हीरा अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि पांच कैरेट वजन का स्पष्ट गुलाबी हीरा मिलना ही दुर्लभ होता है, इसलिए 59.6 कैरेट तो हर पैमाने पर बेहद खास माना जाएगा।
पहले 'श्टाइनमेत्ज पिंक' कहे जाने वाले इस हीरे को इससे पहले 2007 में निजी रूप से बेचा गया था, लेकिन उस वक़्त न तो इसकी कीमत का खुलासा किया गया और न ही इसके खरीदने वाले नाम सार्वजनिक किया गया।
ये हीरा 13 नवंबर को नीलाम किया जाएगा।
सूदबी अगले महीने हांगकांग में एक सफेद और एक नीले रंग के हीरे को भी नीलामी के लिए रखेगा जिनकी क़ीमत क्रमशः 2.8 करोड़ डॉलर और 1.9 करोड़ डॉलर रखी गई है।