इथियोपिया पुलिस ने सेना प्रमुख की हत्या के संदिग्ध आरोपी एक सुरक्षा प्रमुख को गोली मार दी है। सरकारी मीडिया ने सोमवार को बताया कि मृतक सुरक्षा प्रमुख उत्तरी अमहारा इलाके में शनिवार को तख्तापलट की साजिश रचने और सेना प्रमुख की हत्या का संदिग्ध था।
प्रधानमंत्री एबी अहमद के कार्यालय के मुताबिक अमहारा के सुरक्षा प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल असामिनेव सीज ने शनिवार को तख्तापलट की कोशिश की। तख्तापलट की कोशिशों को रोकने के दौरान जनरल जनरल सियरे और एक अन्य अफसर की मौत हो गई। इसके अलावा अमहारा में गवर्नर एम्बाशिउ मेकोनेन भी अपने एक सलाहकार के साथ मारे गए।
कुछ ही घंटों बाद सरकार ने कहा कि एक "समन्वित हमले" में शनिवार को जनरल सियरे और उनके साथ जनरल गेजडाई अबेरा को अदीस अबाबा में उनके घर पर उनके ही बाडीगॉर्ड ने मार दिया था।
हालांकि दोनों हमलों और उनके मकसद के बीच संबंधों का विवरण स्पष्ट नहीं किया गया है।
सरकारी मीडिया ईबीसी के मुताबिक, तख्तापलट की साजिश रचने के आरोपी अमहारा के स्थानीय सुरक्षा प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल असामिनेव सीज को मार दिया गया है।