वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण दुनियाभर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई है। इस कारण मरीजों को इलाज कराने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला इंग्लैंड में सामने आया, जहां महिला ने वक्त पर डॉक्टर न मिलने के चलते कार में ही बच्चे को जन्म दे दिया।
इंग्लैंड के हैम्पशायर में पेशे से शिक्षिका हन्नाह हॉवेल्स को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्हें महसूस हुआ कि उनका बच्चा बाहर आ रहा है। इसके बाद उन्होंने अपने पति एंडी को कार को कहीं खड़ी करने को कहा। पति ने उसे शहर के एक सुपर मार्केट के पार्किंग में ले जाकर खड़ा कर दिया। जहां हन्नाह ने कार की सीट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
दरअसल, जब हन्नाह की तकलीफ बढ़ने लगी तो एंडी ने आपातकालीन नंबर डायल कर मदद मांगी। कॉल हैंडलर ने एंडी की बात सुनी और स्थिति देखते हुए फोन पर सभी जरूरी निर्देशों के बारे में अवगत कराया। महिला के पति के पास अस्पताल तक जाने का समय नहीं था, इसलिए उसने वैसा ही किया जैसा कॉल हैंडलर ने उसे बताया। एंडी ने बच्चे के पैदा होने के बाद कॉल हैंडलर को धन्यवाद दिया और कहा कि बिना उनके वह कुछ नहीं कर पाता। उन्होंने कहा कि ऐसा करना बेहद अविश्वसनीय था।
बच्चे के पैदा होने के बाद, पैरामेडिकल स्टाफ मौक पर पहुंचा और हन्नाह को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हन्नाह ने बताया कि हमारे द्वारा अस्पताल जाने के बजाय पार्किंग में रुकने का निर्णय लेना सफल हुआ, क्योंकि अगर हम ऐसा नहीं करते तो खतरा बढ़ सकता था।
वहीं, एंडी ने बताया कि जब वह मदद के लिए कार से बाहर निकले तो सामने से नेशनल हेल्थ सर्विस की एंबुलेंस गुजरी, जिसे उन्होंने मदद के लिए हाथ भी दिया। लेकिन एंबुलेंस में बैठे स्वास्थ्य कर्मियों को लगा कि मैं कोरोना के दौरान उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के लिए उनकी प्रशंसा में हाथ हिला रहा हूं और वे वहां से चले गए।