अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ गोपनीय दस्तावेजों को अपने पास गलत तरीके से रखने के मामले में मुकदमा चलाने की तैयारी की जा रही है। ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी और बताया कि मियामी की संघीय अदालत ने उन्हें समन भेजा है। अब ट्रंप को दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति एलन मस्क का साथ मिला है।
एलन मस्क ने ट्रंप का समर्थन किया
गोपनीय दस्तावेज से जुड़े मामले में डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप लगने की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'ऐसा लग रहा है कि राजनीति में अन्य लोगों की तुलना में ट्रंप का पीछा करने में ज्यादा हित जुड़े हुए हैं। सबसे अहम बात ये है कि न्याय विभाग इस बात का खंडन करे कि वह सामाजिक परिस्थिति देखकर कानून लागू नहीं करता क्योंकि अभी तो ऐसा ही लग रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो लोगों का न्याय विभाग पर से विश्वास उठ जाएगा।'
बता दें कि एलन मस्क पहले भी खुलकर ट्रंप का समर्थन कर चुके हैं। मस्क ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में भी डोनाल्ड ट्रंप के जोरदार जीत के साथ फिर से राष्ट्रपति बनने की भविष्यवाणी भी की है।
ये भी पढ़ें-
Donald Trump: एक और मामले में फंसे डोनाल्ड ट्रंप, गोपनीय दस्तावेज अपने पास रखने के मामले में चलेगा मुकदमा
ट्रंप भी कर चुके हैं मस्क की तारीफ
ऐसा नहीं है कि सिर्फ मस्क ही ट्रंप का समर्थन कर रहे हैं। बता दें कि ट्रंप भी खुलकर दिग्गज उद्योगपति की तारीफ कर चुके हैं। डोनाल्ड ट्रंप, मस्क को जीनियस बता चुके हैं। साल 2020 के वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम में एक टीवी इंटरव्यू में ट्रंप से जब एलन मस्क के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एलन मस्क बेहतर काम कर रहे हैं और वह महान प्रतिभा के धनी हैं। हमें उन्हें प्रोटेक्ट करना चाहिए, हमें थॉमस एडिसन की तरह ही एलन मस्क जैसे लोगों को संरक्षण देना चाहिए।