अमेरिका में पांच नवंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है। यहां रिपब्लिकन की ओर से पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मैदान में हैं। वहीं डेमोक्रेट्स ने उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को चुनावी दौड़ में उतारा है। दोनों ही नेता एक दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इस बीच, दिग्गज कारोबारी एलन मस्क लगातार सार्वजनिक तौर पर ट्रंप का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने सोमवार को एक बार फिर दोहराया कि वह डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका का अगला राष्ट्रपति बनाने के लिए सब कुछ करने को तैयार हैं। वे ट्रंप को राष्ट्रपति बनता देखने के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं।
कमला हैरिस पर हमला
इसके अलावा, टेस्ला के सीईओ ने डेमोक्रेट्स की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस पर भी हमला बोला। कहा कि अगर वह चुनाव में जीतती हैं तो लोकतंत्र के लिए खतरा है। स्पेसएक्स के मालिक ने कहा, 'मेरा विचार यह है कि अगर ट्रंप चुनाव नहीं जीतते हैं, तो इस बार होने वाला चुनाव आखिरी होगा।'
अवैध प्रवासियों को हैरिस देंगी नागरिकता: मस्क
हाल के सालों में विवादों में घिरे एन मस्क ने कहा कि उनका मानना है कि अवैध प्रवासियों को जानबूझकर कुछ राज्यों में रखा जा रहा है। बाद में डेमोक्रेट के पक्ष में वोट डालने के लिए नागरिकता दी जा सकती है। अब यह स्विंग राज्यों में कभी-कभी 10 से 20 हजार वोट होते हैं। अगर हर स्विंग राज्य में सैकड़ों ऐसे लोगों को रख दिया जाए तो क्या होगा?
उन्होंने आगे कहा, 'मेरी भविष्यवाणी है, अगर एक डेमोक्रेट्स प्रशासन को चार साल और मिल गए, तो वे सारे अवैध को सही साबित कर देंगे, जिससे अगले चुनाव में कोई स्विंग राज्य नहीं होगा और यह एक एकल-पार्टी वाला देश होगा।'
ट्रंप के हारने पर क्या बोले दिग्गज कारोबारी?
मस्क लगातार डेमोक्रेट और आप्रवासियों के बीच एक साजिश का दावे करते रहते हैं। ऐसे में पत्रकार ने पूछा, 'अगर ट्रंप हारते हैं तो आपके लिए ऐसा दिखाना कठिन होगा कि आपने कभी उनका समर्थन नहीं किया।' इस पर टेस्ला सीईओ ने तपाक से जवाब दिया, 'मैं ऐसा ही हूं और मैं पूरी तरह से उनके साथ हूं।' उन्होंने डेमोक्रेट के जीतने के सवाल पर हंसते हुए कहा, 'आपको क्या लगता है कि मेरी जेल की सजा कब तक होने वाली है? क्या मैं अपने बच्चों को देख पाऊंगा? मुझे नहीं पता।'