ट्विटर पर बड़े नीतिगत बदलावों के कारण एलन मस्क लगातार आलोचना का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में उन्होंने ट्विटर प्रमुख के पद से पीछे हटने का फैसला किया है। उन्होंने इस फैसले के बारे में ट्विटर यूजर्स की राय मांगी है। मस्क ने ट्वीट कर लोगों से पूछा है कि क्या उन्हें ट्विटर प्रमुख के पद से पीछे हटना चाहिए। इसको लेकर उन्होंने एक ट्विटर पोल भी आयोजित किया है। पोल खत्म होने पर 1.75 करोड़ यूजर्स की प्रतिक्रिया आई है, जिनमें से अधिकतर यूजर्स चाहते हैं कि मस्क ट्विटर प्रमुख का पद छोड़ दें।
मस्क ने पद छोड़ने वाले पोल पर आए रिजल्ट को लेकर बोट अकाउंट्स को जिम्मेदार बताया है। मस्क का कहना है कि पोल पर वोट करने के लिए अब बदलाव किया जाएगा और केवल ब्लू सब्सक्राइबर्स ही उनके पोल के लिए वोट कर सकेंगे। दरअसल, एक यूजर्स ने मस्क को कहा था कि नीति संबंधी पोल में केवल ब्लू सब्सक्राइबर्स को ही वोट देने की अनुमति होनी चाहिए। जिसके जवाब में मस्क ने कहा कि यह अच्छा पाइंट है। ट्विटर इस संबंध में बदलाव करेगा।
मस्क ने लोगों को किया सावधान
इस पोल को आयोजित करने के कुछ घंटे बाद ही मस्क ने लोगों को आगाह भी किया। दरअसल, पोल मस्क को सीईओ पद से हटाने की तरफ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में मस्क ने एक ट्वीट कर कहा है कि "जैसा कहा जा रहा है, सावधान रहें आप क्या चाहते हैं, आप इसे प्राप्त भी कर सकते हैं।"
लगातार आलोचना का शिकार हो रहे मस्क
एलन मस्क ने अक्तूबर में ट्विटर का कार्यभार संभाला था। इसके बाद से वे अपने फैसलों को लेकर लगातार आलोचना का शिकार हो रहे हैं। शुक्रवार को यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मस्क द्वारा ट्विटर से कुछ पत्रकारों के अकाउंट सस्पेंड करने की आलोचना की थी। इसे उन्होंने अभिव्यक्ति की आजादी की दृष्टि से खतरनाक मिसाल बताया था। हालांकि, मस्क ने कड़ी आलोचना के चंद घंटों बाद ही यह फैसला वापस लेकर पत्रकारों के अकाउंट बहाल कर दिए थे। कुछ माह पूर्व ही मस्क ने ट्विटर का अधिग्रहण किया है। इसके बाद से वे और ट्विटर लगातार खबरों में हैं।