जानेमाने कारोबारी और टेस्ला प्रमुख एलन मस्क इन दिनों एक बार फिर चर्चा में चल रहे हैं। कारण है कि मस्क ने सोमवार को टेक्सास की एक अदालत में एप्पल और ओपनएआई के खिलाफ 61 पन्नों का एक बड़ा मुकदमा दायर किया है। मस्क का आरोप है कि एप्पल और ओपनएआई मिलकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में अपनी प्रतिद्वंद्विता को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।
दायर मुकदमे में कहा गया है कि एप्पल और ओपनएआई दो बड़े खिलाड़ियों ने मिलकर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए एआई तकनीक को नियंत्रित करने की साजिश रची है। मस्क ने ये भी आरोप लगाया कि एप्पल एआई को अपनी सबसे बड़ी कमाई वाले आईफोन के लिए खतरा मानता है और इसी कारण ओपनएआई के साथ मिलकर चैटजीपीटी को बढ़ावा दे रहा है। साथ ही मुकदमे में ये भी कहा गया है कि एप्पल ने अपने आईफोन के ऐप स्टोर पर ओपनएआई के चैटजीपीटी को गलत तरीके से ऊपर रखा है और उसके प्रतिस्पर्धी एक्स एआई के ग्रोक चैटबॉट को दबाने की साजिश की है।
मस्क इससे पहले भी लगा चुके है एप्पल पर गंभीर आरोप
बता दें कि मस्क ने पहले भी एप्पल पर आरोप लगाया था कि कंपनी आईफोन के ऐप स्टोर में चैटजीपीटी को बेहतर रैंकिंग देती है और उनके अपने एआई चैटबोट ग्रोक के खिलाफ भेदभाव करती है। इस नए मुकदमे में मस्क की कंपनियां xAI और X Corp. ने मिलकर इस अनुचित व्यवहार के खिलाफ आर्थिक नुकसान और अदालत से कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें:- Elon Musk: एलन मस्क ने एपल पर प्रतिस्पर्धा विरोधी कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया, कानूनी कार्रवाई की धमकी दी
ओपनएआई ने भी मस्क पर किया मुकदमा
मुकदमे में यह भी आरोप लगाया गया है कि ओपनएआई ने अपनी शुरुआत की सार्वजनिक भलाई वाली संस्था की भूमिका छोड़कर अब मुनाफा कमाने को प्राथमिकता दी है। हालांकि ओपनएआई ने मस्क पर मुकदमा कर पलटवार किया है। ओपनएआई ने परेशान करने का आरोप लगाया है और इसे मस्क का नियमित रवैया बताया है। दूसरी ओर एप्पल ने फिलहाल इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
ये भी पढ़ें:- Settlement: मस्क-एक्स कॉर्प के पूर्व कर्मचारी 50 करोड़ डॉलर में सुलझाएंगे विवाद, अदालत से सुनवाई टालने की अपील
क्या कहते है विश्लेषक?
गौरतलब है कि मामले में विश्लेषकों का कहना है कि ओपनएआई अपने पूर्व एप्पल डिजाइनर जॉनी इवे के साथ एक ऐसा एआई डिवाइस भी बना रहा है, जो भविष्य में आईफोन के लिए चुनौती बन सकता है। इस मुकदमे में मस्क ने एप्पल और ओपनएआई को मिलकर बाजार में एकाधिकार बनाने और नई तकनीकों की प्रतिस्पर्धा रोकने का गंभीर आरोप लगाया है।