चीन के सिचुआन प्रांत 13 साल बाद एक बार फिर दहल उठी है। गुरुवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। अभी तक दो लोगों की मौत होने की खबर है, वहीं, तीन लोग घायल हो गए हैं। भूकंप का केंद्र जमीन के 10 किलोमीटर नीचे था। जिससे बड़े नुकसान की आशंका नहीं जताई जा रही है।
चीन के सिचुआन प्रांत में उस समय हड़कंप मचा जब तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6 मापी गई। इस प्राकृतिक आपदा में अभी तक दो लोगों की मौत होने की खबर है, वहीं तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
दक्षिण पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में के लक्सियन काउंटी में भूकंप सुबह 4:33 बजे के पास आया। इस दौरान ज्यादातर लोग सो रहे थे, कुछ लोग जगे हुए थे। भूकंप के तेज झटके महसूस होने पर लोग अपने घरों और फ्लैट से बाहर निकलने लगे। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। प्रशासन ने बताया कि फूजी टाउनशिप के काओबा गांव में हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) के अनुसार, भूकंप जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में आया था। भूकंप का केंद्र 29.2 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 105.34 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। बता दें कि 2008 में सिचुआन प्रांत में 8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें हजारों लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।
म्यांमार में भी भूकंप के झटके हुए महसूस
वहीं, म्यांमार में भी गुरुवार की सुबह 10: 19 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 थी। हालांकि, यहां पर किसी तरह के हताहत होने की खबर नहीं है।