मेक्सिको की राजधानी में 6.8 की तीव्रता के भूकंप से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और इस दौरान दो लोगों की मौत भी हो गई। इससे तीन दिन पहले मध्य मेक्सिको में 7.6 तीव्रता के भूकंप में दो लोगों की जान जा चुकी है।
ताजा भूकंप का केंद्र पश्चिमी मिचोआकन में प्रशांत तट के पास दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में करीब 24.1 किमी की गहराई पर था। पूरे मिचोआकन प्रांत में झटके महसूस किए गए, जबकि उरुवां में एक इमारत के क्षतिग्रस्त होने और मिचोआकन को ग्युरेरो से जोड़ने वाले राजमार्ग पर भूस्खलन भी हुआ।
इससे पहले 20 सितंबर को मेक्सिको के मध्य प्रशांत तट पर सोमवार को पहले दो विनाशकारी भूकंपों की बरसी पर 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था। देश की राजधानी में भूकंप आते ही अलार्म बज गया था। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण विभाग के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1.05 बजे भूकंप आया। इस भूकंप में कई इमारतों के ढहने की खबर आई थी। कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।
अमेरिकी भूगर्भिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अक्विला से 37 किलोमीटर (23 मील) दक्षिण-पूर्व में कोलिमा और मिचोआकन राज्यों की सीमा के पास 15.1 किलोमीटर (9.4 मील) की गहराई में था। शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 7.5 बतायी गई थी।
बता दें कि मेक्सिको में 1985 और 2017 में भी इसी दिन (19 सितंबर) भूकंप के जोरदार झटके महसूस किये गए थे। इन घातक भूकंपों में कई लोगों की जान चली गई थी।