दुबई में लंबे समय से चली आ रही उस अनिवार्यता को बंद करने की दिशा में कदम उठाया गया है जिसमें रमजान पर सभी रेस्तरां को दिन में परदों से ढंकना जरूरी होता आया है। ऐसा इसलिए ताकि रोजा रख रहे लोगों की नजर से खाद्य पदार्थ दूर रहें।
पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से किया गया नया एलान
यहां के आर्थिक विकास विभाग ने पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से इस कदम की घोषणा की। सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम ने कहा, रेस्तरां अपने यहां पर्दे आदि लगाए बिना ही ग्राहकों को भोजन परोस सकेंगे।
नया आदेश पहले के वर्षों में जारी उन आदेशों का स्थान ले लेगा जिनके तहत रोजा रखने वालों की खातिर खानपान वाले हिस्सों को ढंकना अनिवार्य होता था। नए नियमों के तहत दिन के वक्त भोजन परोसने के लिए अब रेस्तरां को पहले की तरह विशेष परमिट लेने की भी जरूरत नहीं होगी।
खाड़ी के अरब देशों में रमजान के दौरान सार्वजनिक तौर पर खाने पीने पर जुर्माने लगाए जाते हैं तथा ऐसा करने वाला आदमी कानूनी पचड़ों में भी फंस सकता है। हालांकि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दुबई नियमों में बदलाव कर रहा है।